पाकुड़। महेशपुर प्रखंड के गड़बाड़ी गांव में शुक्रवार को रांची से पहुंची भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (एसीबी) की टीम ने सेवानिवृत्त चौकीदार धीरन माल के घर छापेमारी की। दुमका थाना कांड संख्या 7/2026 में दर्ज आय से अधिक संपत्ति के मामले में न्यायालय के आदेश और कार्यपालक दंडाधिकारी की मौजूदगी में यह कार्रवाई की गई।
तलाशी के दौरान टीम ने 5,08,560 रुपये नकद, एक हजार रुपये के पुराने नोटों में 24 हजार रुपये तथा करोड़ों रुपये की अचल संपत्ति से जुड़े दस्तावेज बरामद किए। घर के सामने लगभग चार हजार वर्गफीट में बने दो मंजिला पक्के मकान और जमीन की अनुमानित कीमत 90,53,440 रुपये आंकी गई है।
एसीबी के अनुसार, धीरन माल चौकीदार संघ के राज्यस्तरीय नेता रह चुके हैं और इस मामले में नामजद अभियुक्त हैं। छापेमारी के समय वह घर पर नहीं मिले। फिलहाल एसीबी बरामद दस्तावेजों और संपत्ति के स्रोतों की जांच कर रही है।
