बरकट्ठा। प्रखंड क्षेत्र में अवैध बालू कारोबार के खिलाफ कार्रवाई करने पहुंचे बीडीओ सह अंचल अधिकारी सुमन कुमार सौरभ के साथ दुर्व्यवहार और हमला करने के प्रयास का मामला सामने आया है। घटना 19 नवंबर की शाम करीब सात बजे बड़ासिंगा मोड़ स्थित मां दुर्गा मिष्ठान भंडार के समीप की है। मामले में सीओ के आवेदन पर गोरहर थाना में कांड संख्या 42/26 के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है। प्राथमिकी में बड़ासिंगा निवासी किशोर मोदी (पिता स्व. बाड़ी मोदी), किशोर साव (पिता बहादुर साव), महेंद्र साव (पिता अर्जुन साव), मिष्ठान भंडार के संचालक, दुकान के एक कर्मी समेत छह-सात अज्ञात लोगों को आरोपित बनाया गया है।
दर्ज प्राथमिकी के अनुसार, सीओ सुमन कुमार सौरभ बड़ासिंगा की ओर जा रहे थे। इसी दौरान बड़ासिंगा मोड़ के पास उन्होंने बिना नंबर प्लेट के अवैध बालू लदे एक ट्रैक्टर को रोककर चालक से परिवहन चालान एवं वैध कागजात की मांग की। आरोप है कि इसी बीच मिष्ठान भंडार के समीप मौजूद कुछ लोग वहां पहुंच गए और सरकारी कार्रवाई में बाधा डालते हुए सीओ के साथ अभद्र व्यवहार करने लगे। आरोपियों ने पहले ट्रैक्टर चालक को मौके से भगाया और फिर दूसरे व्यक्ति की मदद से बालू लदे ट्रैक्टर को भी वहां से निकलवा दिया। सीओ के अनुसार, आरोपितों ने उनकी सरकारी गाड़ी में जबरन घुसने का प्रयास किया और शीशा खुलवाने की कोशिश करते हुए धमकी दी कि आगे से बालू लदे वाहन पकड़ने पर उन्हें गंभीर परिणाम भुगतने होंगे। स्थिति बिगड़ती देख सीओ ने गाड़ी के दरवाजे बंद कर गोरहर थाना पुलिस को सूचना दी। हालांकि, पुलिस के पहुंचने से पहले ही सभी आरोपी मौके से फरार हो गए। बताया गया कि सीओ ने घटना का वीडियो भी बनाया था, जिसे आरोपितों द्वारा छीनने का प्रयास किया गया। इसी वीडियो फुटेज के आधार पर आरोपितों की पहचान की गई।
घटना के बाद क्षेत्र में अवैध बालू कारोबार और कथित सिंडिकेट को लेकर एक बार फिर सवाल उठने लगे हैं। स्थानीय स्तर पर चर्चा है कि चलकुशा प्रखंड क्षेत्र में बराकर नदी के विभिन्न घाटों से प्रतिदिन बड़ी संख्या में ट्रैक्टर और टिपर के माध्यम से बालू का अवैध खनन एवं परिवहन किया जा रहा है। आरोप है कि इस कारोबार के पीछे एक संगठित नेटवर्क सक्रिय है। हालांकि, इन आरोपों की आधिकारिक पुष्टि होना बाकी है।
मिष्ठान भंडार संचालक ने आरोपों को बताया गलत
वहीं, मिष्ठान भंडार के संचालक किशोर साव ने सीओ द्वारा लगाए गए आरोपों पर अपना पक्ष रखते हुए कहा कि घटना के समय वह दुकान पर बैठे थे। इसी दौरान बीडीओ सह सीओ के चालक ने मिठाई मांगी। मिठाई नहीं देने पर चालक के माध्यम से उन्हें बुलाया गया। उन्होंने बताया कि सीओ ने उनसे फूड लाइसेंस के संबंध में पूछताछ की। उनके अनुसार, बातचीत के दौरान उन्हें कथित तौर पर बर्बाद कर देने की धमकी दी गई। उन्होंने सीओ के आरोपों पर अपना पक्ष रखा है।
फिलहाल मामले में दोनों पक्षों की ओर से अलग-अलग आरोप लगाए गए हैं। पुलिस जांच और उपलब्ध वीडियो फुटेज के आधार पर ही घटना की वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।
