हजारीबाग। झारखंड कर्मचारी चयन आयोग की ओर से आयोजित झारखंड सहायक कारापाल शारीरिक दक्षता एवं मापदंड परीक्षा को लेकर जिला पुलिस ने तैयारियां तेज कर दी हैं। आगामी 28 अक्टूबर से 7 नवंबर 2026 तक हजारीबाग के कर्जन ग्राउंड में प्रस्तावित परीक्षा के मद्देनजर सोमवार को पुलिस अधीक्षक ने मैदान का निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान अपर पुलिस अधीक्षक (अभियान), पुलिस निरीक्षक सदर अंचल, परिचारी प्रवर पुलिस केंद्र तथा बड़ा बाजार थाना प्रभारी उपस्थित थे। पुलिस अधीक्षक ने परीक्षा स्थल की व्यवस्था का जायजा लेते हुए संबंधित पुलिस पदाधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
एसपी ने परीक्षा के दौरान सुरक्षा व्यवस्था मजबूत रखने, विधि-व्यवस्था बनाए रखने तथा प्रतिनियुक्त पुलिस बल की ड्यूटी जिम्मेदारीपूर्वक सुनिश्चित करने पर जोर दिया। परीक्षा में शामिल होने वाले अभ्यर्थियों की सुविधा और शांतिपूर्ण ढंग से परीक्षा संपन्न कराने के लिए आवश्यक तैयारियों पर भी ध्यान देने का निर्देश दिया गया।
पुलिस प्रशासन का उद्देश्य परीक्षा के दौरान किसी भी प्रकार की अव्यवस्था को रोकना और पूरी प्रक्रिया को सुरक्षित एवं व्यवस्थित तरीके से संपन्न कराना है। निर्धारित तिथियों में परीक्षा के सफल संचालन को लेकर पुलिस महकमा आवश्यक सुरक्षा तैयारियों में जुटा है।
