रांची। रांची के मांडर प्रखंड अंतर्गत बुढ़ाखुखरा में कृषि मंत्री शिल्पी नेहा तिर्की ने 5000 मीट्रिक टन क्षमता वाले आधुनिक शीतगृह का शुभारंभ सोमवार को किया। इस अवसर पर उन्होंने 100 किलोवाट क्षमता वाले सौर ऊर्जा संयंत्र का भी उद्घाटन किया। साथ ही, किसानों के उत्पादों के परिवहन एवं विपणन को सुदृढ़ करने के लिए सहकारी समितियों एवं किसान उत्पादक संगठनों (एफपीओ) को 1 करोड़ 4 लाख 50 हजार की परिसंपत्तियां वितरित कीं। मौके पर मंत्री ने बताया कि बुढ़ाखुखरा स्थित शीतगृह की परियोजना वर्ष 2018 में शुरू की गई थी। परियोजना को आधुनिक तकनीक के अनुरूप पूरी तरह विकसित करने के लिए लगभग छह करोड़ रुपये के अतिरिक्त निवेश की आवश्यकता सामने आई। इसके बाद मुख्यमंत्री के समक्ष प्रस्ताव रखा गया और अंततः परियोजना को पूरा करने की दिशा में पहल सफल हुई। उन्होंने कहा कि झारखंड सरकार किसानों की उपज के सुरक्षित भंडारण, कृषि उत्पादों के बेहतर विपणन और उनकी आय में वृद्धि के लिए लगातार प्रयासरत है। वेजफ़ेड एमडी अभिनव मिश्रा ने जानकारी देते बताया कि बुढ़ाखुखरा में लगभग ₹15.01 करोड़ की लागत से दो एकड़ क्षेत्र में इस शीतगृह को तैयार किया गया है। इसमें फ्रेऑन गैस आधारित रेफ्रिजरेशन तकनीक के साथ मल्टी-चेंबर व्यवस्था विकसित की गई है। फलों एवं हरी सब्जियों के सुरक्षित भंडारण के लिए 125-125 मीट्रिक टन क्षमता वाले दो अलग-अलग चैंबर भी बनाए गए हैं। मौके पर पशुपालन निदेशक रोबिन टोप्पो, मत्स्य निदेशक अमरेन्द्र कुमार सहित सहित विभिन्न विभागों के पदाधिकारी एवं कर्मचारी भी उपस्थित थे।
आज खास
ब्रेकिंग
