देवघर। झारखंड विधानसभा की लोक लेखा समिति के अध्यक्ष मनोज कुमार यादव की अध्यक्षता में स्थानीय परिसदन में बैठक का आयोजन किया गया। इसमें समिति के सदस्य सह बरकट्ठा विधायक अमित कुमार यादव, सदस्य सह मनोहरपुर विधायक जगत मांझी, सदस्य सह कोलेबिरा विधायक नमन विक्सल कोंगाडी उपस्थित थे। समिति ने विभिन्न विभागों से संबंधित सामान्य, सामाजिक, आर्थिक एवं राजस्व प्रक्षेत्रों से संबंधित मामलों के अलावा आर्थिक व राजस्व प्रक्षेत्र की आपत्ति कंडिकाओं तथा स्थानीय निकायों पर वार्षिक तकनीकी निरीक्षण प्रतिवेदन से लंबित कंडिकाओं की समीक्षा संबंधित विभागों के पदाधिकारी के साथ की। समिति ने आपत्ति कंडिकाओं पर की गई कार्रवाई से संबंधित प्रतिवेदन की भी समीक्षा की गई। समिति द्वारा बताया गया कि प्रत्येक जिला में लोक लेखा समिति से संबंधित लंबित मामलों के त्वरित निष्पादन के लिए एक नोडल पदाधिकारी की प्रतिनियुक्ति का प्रावधान है, इसे हर हाल में सुनिश्चित करें। बैठक में विभिन्न विभागों से संबंधित लंबित आपत्ति कंडिकाओं, कैग प्रतिवेदन एवं स्थानीय निकायों की लेखा संबंधी मामलों की बिंदुबार समीक्षा करते हुए समिति ने लंबित मामलों के त्वरित निष्पादन एवं बेहतर समन्वय को लेकर संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा निर्देश दिए गए। समिति द्वारा विभागवार वन विभाग, पुलिस विभाग, खनन विभाग, प्रदूषण विभाग, निबंधन विभाग, पंचायती राज विभाग, उत्पाद विभाग, परिवहन विभाग, वाणिज्यकर विभाग, ऊर्जा विभाग, आपूर्ति विभाग, भू-अर्जन, नगर निगम एवं अन्य विभागों की समीक्षा करते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक व उचित दिशा निर्देश दिया। बैठक में समिति ने वर्ष 2008-09 से 2019-20 तक की सीएजी रिपोर्ट में दर्ज आपत्तियों की समीक्षा करने के साथ वर्ष 2014-15 के स्थानीय निकायों से संबंधित वार्षिक तकनीकी निरीक्षण प्रतिवेदन में दर्ज लंबित आपत्तियों पर चर्चा की और जल्द आवश्यक निराकरण करने का निर्देश दिया। मौके पर उप विकास आयुक्त पीयूष सिन्हा, वन प्रमंडल पदाधिकारी, अपर समाहर्ता, सिविल सर्जन, जिला परिवहन पदाधिकारी, जिला पंचायती राज पदाधिकारी, उप निर्वाचन पदाधिकारी, उत्पाद अधीक्षक, जिला कृषि पदाधिकारी, जिला कल्याण पदाधिकारी, जिला समाज कल्याण पदाधिकारी, जिला खनन पदाधिकारी, जिला कोषागार पदाधिकारी, जिला उद्यान पदाधिकारी, जिला गव्य पदाधिकारी, जिला सहकारिता पदाधिकारी, सहायक जनसंपर्क पदाधिकारी के साथ जिला स्तर के संबंधित विभागों के अधिकारी व कार्यपालक अभियंता उपस्थित थे।