रांची। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन आज रांची में आयोजित 15वीं अखिल भारतीय पुलिस तीरंदाजी प्रतियोगिता के समापन समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। इस अवसर पर उन्होंने खिलाड़ियों की सराहना करते हुए कहा कि झारखंड के लिए यह बेहद गौरव का क्षण है कि जिस प्रतिष्ठित प्रतियोगिता की शुरुआत इसी राज्य से हुई थी, उसे तीसरी बार मेजबानी करने का सौभाग्य मिला है।
प्रतियोगिता में देश के विभिन्न राज्यों से आए 400 से अधिक पुलिस खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया और विभिन्न स्पर्धाओं में अपनी खेल भावना, अनुशासन और प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि देश की सुरक्षा के कठिन दायित्वों को निभाते हुए पुलिस जवानों का खेल के प्रति यह समर्पण और उत्कृष्ट प्रदर्शन हम सभी के लिए अत्यंत प्रेरणादायक है। उन्होंने विजेताओं को उनकी मेहनत और उत्साह का प्रतीक बताते हुए बधाई दी।
मुख्यमंत्री ने इस राष्ट्रीय आयोजन को सफलतापूर्वक संपन्न कराने के लिए झारखंड पुलिस के सभी पदाधिकारियों और कर्मियों की पीठ थपथपाई।
समारोह के दौरान मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने झारखंड की माटी की बेटी और अंतरराष्ट्रीय ख्याति प्राप्त तीरंदाज अंकिता भगत को विशेष रूप से सम्मानित किया। अंकिता ने हाल ही में 2026 एशियाई खेलों में देश के लिए स्वर्ण पदक जीतकर राज्य और देश का मान बढ़ाया है।
मुख्यमंत्री ने अपने संबोधन में कहा कि अंकिता की यह ऐतिहासिक उपलब्धि उनकी कड़ी मेहनत, अनुशासन और असाधारण प्रतिभा का परिणाम है, जो झारखंड के युवाओं और विशेषकर राज्य की बेटियों के लिए एक बड़ी प्रेरणा है।
