रांची। छात्र कला एवं संस्कृति निदेशालय, राँची विश्वविद्यालय, राँची कि पहल पर स्पिक मैके (SPIC MACAY), झारखंड चैप्टर एवं राँची विश्वविद्यालय, राँची के बीच भारतीय शास्त्रीय संगीत, नृत्य, लोक कला एवं सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण, संवर्धन तथा विद्यार्थियों के बीच इनके प्रचार-प्रसार के उद्देश्य से समझौता ज्ञापन (एमओयू) पर हस्ताक्षर किए गए। इस अवसर पर राँची विश्वविद्यालय की कुलपति प्रो. (डॉ.) सरोज शर्मा की उपस्थिति में विश्वविद्यालय के कुलसचिव डॉ.राजकुमार शर्मा तथा स्पिक मैके, झारखंड के जोनल कन्वेनर डॉ. राजीव रंजन ने समझौता ज्ञापन पर हस्ताक्षर किए। इस समझौते का प्रमुख उद्देश्य विश्वविद्यालय एवं इसके संबद्ध महाविद्यालयों के विद्यार्थियों को भारतीय शास्त्रीय संगीत, शास्त्रीय एवं लोक नृत्य, पारंपरिक कला और समृद्ध सांस्कृतिक विरासत से परिचित कराना है। इसके अंतर्गत विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रमों, व्याख्यान-सह-प्रदर्शन, संगीत समारोहों, कार्यशालाओं तथा संवादात्मक सत्रों का आयोजन किया जाएगा। साथ ही, विद्यार्थियों की सक्रिय सहभागिता सुनिश्चित करने के लिए स्पिक मैके हेरिटेज क्लब की स्थापना एवं संचालन की संभावनाओं पर भी कार्य किया जाएगा। इस अवसर पर कुलपति प्रो सरोज शर्मा ने कहा कि यह पहल विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास, भारतीय सांस्कृतिक परंपराओं के प्रति सम्मान, रचनात्मकता तथा सांस्कृतिक चेतना को प्रोत्साहित करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। राँची विश्वविद्यालय और स्पिक मैके के इस सहयोग से युवा पीढ़ी को देश की समृद्ध एवं विविधतापूर्ण सांस्कृतिक विरासत से जोड़ने का अवसर प्राप्त होगा। इस अवसर पर डॉ. सुदेश कुमार साहू (छात्र कल्याण संकायाध्यक्ष), डॉ. संजय सिंह (परीक्षा नियंत्रक), डॉ. आनंद कुमार ठाकुर (निदेशक, छात्र कला एवं संस्कृति निदेशालय) सहित अन्य भी उपस्थित थे।
आज खास
ब्रेकिंग
