रांची। भाकपा माले के राष्ट्रीय महासचिव कॉमरेड दीपांकर भट्टाचार्य सहित अन्य नेताओं ने झारखंड सहित दूसरे राज्यों में जारी एसआईआर (गहन पुनरीक्षण अभियान) और मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग उठायी है। सोमवार को भाकपा माले राज्य कार्यालय, रांची में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में दीपांकर भट्टाचार्य ने कहा कि वोट चोरी की घटनाओं के खुलासे सामने आने के बाद ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग जोर पकड़ चुकी है। उन्होंने कहा कि चुनाव आयुक्त को अब एक पल भी अपने पद पर नहीं रहना चाहिये। कॉमरेड दीपांकर भट्टाचार्य ने आगामी संगठनों के सम्मेलनों की जानकारी देते हुए बताया कि 21-22 नवंबर को गिरिडीह के सरिया में अखिल भारतीय खेत एवं ग्रामीण मजदूर सभा का राष्ट्रीय सम्मेलन आयोजित होगा। वहीं, 28-30 नवंबर को नागपुर, महाराष्ट्र में आइसा का 11वां राष्ट्रीय सम्मेलन आयोजित किया जाएगा।पूर्व विधायक कॉमरेड विनोद सिंह ने कहा कि झारखंड के विभिन्न हिस्सों, विशेषकर गिरिडीह जिले से गुजरात गए प्रवासी मजदूरों का शोषण किया जा रहा है। मजदूरों से 8 घंटे के बजाय 12 घंटे तक काम लिया जा रहा है और उनकी साप्ताहिक छुट्टी भी समाप्त कर दी गई है। निरसा के विधायक अरूप चटर्जी ने कहा कि झारखंड में शिक्षा और रोजगार से जुड़े आंदोलनों में ऑल इंडिया स्टूडेंट्स एसोसिएशन (आइसा) मजबूती से अपनी आवाज उठा रही है। जेपीएससी-जेएसएससी सहित विभिन्न भर्ती परीक्षाओं से संबंधित हालिया आंदोलन में आइसा ने प्रमुख भूमिका निभाई और सरकार को उचित निर्णय लेने के लिए मजबूर किया। उन्होंने कहा कि अब झारखंड सरकार की जिम्मेदारी है कि वह न्यायालय में छात्रों के पक्ष को मजबूती से रखते हुए सही तथ्यों और तर्कों के साथ अपना पक्ष प्रस्तुत करे।
आज खास
ब्रेकिंग
