राँची।गुरु नानक देव जी के प्रकाश पर्व के अवसर पर गुरु नानक हायर सेकेंडरी स्कूल, राँची में ‘सिखिज्म – विरसा, इतिहास ते शान’ विषय पर अंतर-सदनीय प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में विद्यार्थियों ने सिख धर्म की समृद्ध विरासत और परंपराओं से जुड़े प्रश्नों के उत्साहपूर्वक उत्तर दिए।
प्रतियोगिता में विद्यालय के चार सदनों—एलाइव अमृत, ब्लिसफुल बानी, काइनेटिक खालसा और सोल सेवा की टीमों ने हिस्सा लिया। इस दौरान प्रतिभागियों से सिख धर्म के इतिहास, गुरु साहिबान के जीवन-दर्शन, धार्मिक परंपराओं और शिक्षाओं से संबंधित प्रश्न पूछे गए। सभी सदनों के विद्यार्थियों ने आत्मविश्वास और ज्ञान के साथ अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया।
कांटे की टक्कर के बीच सोल सेवा सदन ने प्रतियोगिता में प्रथम स्थान हासिल किया। विजेता टीम में मनप्रीत कौर, सिमरनजीत कौर, रणजीत सिंह और परमीत सिंह शामिल रहे।
इस अवसर पर प्राचार्या डॉ. (कैप्टन) सुमित कौर, हेड मिस्ट्रेस हरप्रीत कौर और प्रबंधन समिति के अध्यक्ष हरबिंदर सिंह लाली सहित अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे। अतिथियों ने प्रतिभागियों का उत्साहवर्धन करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। आयोजन के माध्यम से विद्यार्थियों को सिख विरासत से जुड़ने तथा सेवा, समानता, मानवता और भाईचारे के मूल्यों को अपनाने की प्रेरणा मिली।
