​नई दिल्ली/रांची।भारत अंतरराष्ट्रीय व्यापार मेला (आईआईटीएफ)-2026 में झारखंड पवेलियन राज्य सरकार के ग्रामीण विकास, महिला सशक्तीकरण और स्थानीय उद्यमिता को प्रोत्साहित करने के प्रयासों का प्रभावी मंच बनकर उभरा है। इस दौरान माननीय न्यायमूर्ति अनिल कुमार चौधरी ने पवेलियन का भ्रमण कर विभिन्न स्टॉलों का अवलोकन किया और स्थानीय उत्पादों की जमकर सराहना की।

​इस अवसर पर जमशेदपुर के हुरलुंग की महिलाओं द्वारा तैयार ‘नीव हर्बल्स हैंडमेड सोप्स’ ने विशेष रूप से सभी का ध्यान आकर्षित किया। यह पहल इन महिलाओं के हुनर, मेहनत और आत्मनिर्भर बनने के संकल्प को एक नई व्यावसायिक पहचान दे रही है।

​नीव हर्बल्स की उत्पाद श्रृंखला में हस्तनिर्मित साबुन, परफ्यूम, मॉइस्चराइजर, लिपस्टिक, रोल-ऑन ऑयल तथा रूम एवं कार डिफ्यूजर शामिल हैं। इन उत्पादों की सबसे बड़ी खासियत इनमें इस्तेमाल होने वाली प्राकृतिक सामग्रियां हैं।

​​आईआईटीएफ-2026 जैसे प्रतिष्ठित राष्ट्रीय मंच पर झारखंड की महिलाओं की यह पहल ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत करने के साथ-साथ 'आत्मनिर्भर झारखंड' की दिशा में एक सशक्त कदम साबित हो रही है।