देवघर। शहर के विभिन्न स्थानों पर मंगलवार को देवताओं के सेनापति भगवान श्याम कार्तिक की पूजा-अर्चना धूमधाम एवं भक्तिमय माहौल में की गई। इस अवसर पर शाम को बम-बम बाबा पथ स्थित मिश्रा परिवार की ओर से भगवान श्याम कार्तिक की प्रतिमा स्थापित कर वैदिक मंत्रोच्चार के साथ विधि-विधान पूर्वक पूजा-अर्चना की गई। राजू मिश्र ने बताया कि देव सेनापति भगवान श्याम कार्तिक की पूजा-अर्चना करने से घर में सुख, समृद्धि और वैभव की प्राप्ति होती है। यह पूजा प्रत्येक वर्ष कार्तिक मास की संक्रांति तिथि को श्रद्धा एवं भक्तिभाव के साथ की जाती है। बाबा मंदिर के भीतरखंड कार्यालय में मंगलवार देर शाम को भगवान श्याम कार्तिक की पूजा आरंभ की गई और देर रात को समाप्त हुई। पूजा में आचार्य मंदिर स्टेट पुजारी श्रीनाथ मिश्र, पुजारी मंदिर महंत सरदार पंडा गुलाबनंद ओझा ने वैदिक रीति से पूजा की। इसके अलावा हिंदी विद्यापीठ, बिलासी टाउन, बैद्यनाथ लेन सहित शहर के अन्य स्थानों पर भी भगवान श्याम कार्तिक की प्रतिमा स्थापित कर पूजा-अर्चना की गई। पूजा को लेकर आसपास का वातावरण भक्तिमय बना हुआ है।