रांची। झारखंड राज्य स्थापना पखवाड़ा-2026 के उपलक्ष्य में पूरे राज्य में विरासत, प्रगति और विकास को केंद्र में रखकर विविध कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। इसी कड़ी में मंगलवार को झारखंड शिक्षा परियोजना परिषद द्वारा राज्य के 31,756 विद्यालयों में विशेष प्रार्थना सभा का आयोजन किया गया। इस दौरान विद्यार्थियों को झारखंड के गौरवशाली इतिहास, महापुरुषों, आंदोलनकारियों, राज्य गठन की गाथा तथा समृद्ध संस्कृति से अवगत कराया गया। कार्यक्रम में राज्य के 23,26,916 छात्र-छात्राओं ने 'विकसित झारखंड' के निर्माण की शपथ ली।
सिमडेगा में महिला सशक्तीकरण और रोजगार पर जोर
सिमडेगा में स्वयं सहायता समूहों (एसएचजी) की महिलाओं और ग्राम संगठनों को स्वावलंबी बनाने के लिए विभिन्न आजीविका योजनाओं के तहत कुल 1 करोड़ 52 लाख 65 हजार 500 रुपये की वित्तीय सहायता प्रदान की गई। उपायुक्त कंचन सिंह एवं उप विकास आयुक्त दीपांकर चौधरी ने लाभुकों को सांकेतिक चेक सौंपे। इस राशि में सामुदायिक निवेश निधि के तहत 1.12 करोड़, चक्रीय निधि के 24.30 लाख, वल्नरेबिलिटी रिडक्शन फंड के 8 लाख, झारखंड समावेशी आजीविका योजना के 7.60 लाख तथा फूलो-झानो आशीर्वाद योजना के तहत 75 हजार रुपये शामिल हैं।
इसके साथ ही ग्रामीण युवाओं को रोजगार से जोड़ने के लिए डीडीयू-जीकेवाई 2.0 के अंतर्गत 'कौशल रथ' जागरूकता अभियान शुरू किया गया, जिसे उपायुक्त व डीडीसी ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस अभियान के तहत 26 नवंबर को कोलेबिरा और 27 नवंबर को केरसई प्रखंड परिसर में सुबह 10 बजे से रोजगार मेलों का आयोजन किया जाएगा।
पलामू, कोडरमा और लातेहार में गृह प्रवेश की धूम
स्थापना पखवाड़ा के तहत गरीबों को पक्का आवास उपलब्ध कराने के संकल्प को भी गति दी जा रही है।पलामूजिले में 15 से 17 नवंबर के बीच 667 लाभार्थियों को उनके नए घरों में गृह प्रवेश कराने का लक्ष्य रखा गया है, जिसमें प्रधानमंत्री आवास योजना-ग्रामीण, अबुआ आवास योजना और पीएम-जनमन के लाभुक शामिल हैं।
कोडरमा में 15 से 21 नवंबर तक 'गृह प्रवेश सप्ताह' मनाया जा रहा है। इसके तहत 549 पूर्ण आवासों में लाभुकों का गृह प्रवेश कराया जा रहा है। इनमें अबुआ आवास के 336, पीएम आवास-ग्रामीण के 200, पीएम-जनमन के 8 और बाबा साहेब भीमराव अंबेडकर आवास योजना के 5 आवास शामिल हैं।
लातेहार जिले में 17 से 24 नवंबर तक चलने वाले कार्यक्रमों की शुरुआत के साथ ही अबुआ आवास योजना के लाभुकों ने अपने नवनिर्मित घरों में गृह प्रवेश कर नई शुरुआत की। इसके अतिरिक्त, जिले के विभिन्न स्कूलों में निबंध, लेखन व क्विज प्रतियोगिताएं हुईं। वहीं, 'रोजगार सृजन अभियान' के तहत पंचायतों में कार्यक्रम आयोजित किए गए और जनभागीदारी सुनिश्चित करते हुए छठ घाटों व आसपास के क्षेत्रों में विशेष स्वच्छता अभियान चलाया गया। जिला प्रशासन के अनुसार, 24 नवंबर तक जिलेभर में विभिन्न जनकल्याणकारी गतिविधियां जारी रहेंगी।
