देवघर। मधुपुर के एसआर डालमिया रोड में किराए के मकान में रहने वाले राजेंद्र प्रसाद के घर चोरों ने नकदी, जेवरात समेत 15 लाख रुपये की चोरी कर ली। राजेंद्र प्रसाद अपने परिजन के यहां छठ में भागलपुर गए थे। इस दौरान चोरों ने बंद घर को निशाना बनाया और बड़े आराम से वारदात को अंजाम दिया। मंगलवार सुबह में मकान मालिक ने कमरे की टूटी खिड़की देख शक हुआ और झांक कर देखा तो कमरा का सारा सामान अस्त-व्यस्त था। इसके बाद किरायेदार राजेंद्र प्रसाद को तत्काल इसकी सूचना दी। परिजनों के साथ राजेंद्र प्रसाद मधुपुर लौटे और घर के अंदर आकर देखा तो तीन कमरों के दरवाजे, अलमारी और शोकेस का ताला टूटा हुआ था और सारा सामान बिखरा पड़ा था। राजेंद्र प्रसाद के मुताबिक, चोर छत के रास्ते घर में प्रवेश किए थे। चोरों ने सोने का हार, कनबाली, कंगन, झुमका समेत अन्य कीमती जेवरात और 70 हजार कैश चुरा लिया। चोरी गए जेवरात की कुल कीमत लगभग 15 लाख रुपए बताया जा रहा है। राजेंद्र प्रसाद के पुत्र का मधुपुर में चश्मा होलसेल का कारोबार है। घटना की जानकारी पाकर मधुपुर पुलिस मौके पर पहुंच मामले की जांच की। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरे का फुटेज खंगाल रही है, ताकि चोरों का सुराग मिल सके।
जिला
ब्रेकिंग
