कर्रा (खूंटी)। कर्रा-रांची मुख्य मार्ग पर मंगलवार दोपहर करीब तीन बजे एक दर्दनाक सड़क हादसा हुआ। बगडेगा के समीप तेज रफ्तार इनोवा कार (संख्या: OD-35 D-7395) अनियंत्रित होकर सड़क किनारे एक पेड़ से जा टकराई। इस भीषण टक्कर में कार सवार पांच लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। टक्कर इतनी जोरदार थी कि वाहन का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।

जानकारी के अनुसार कार में सवार सभी पांच लोग ओडिशा के अंगुल और उसके आसपास के क्षेत्रों के रहने वाले हैं। वे इनोवा कार से देवघर स्थित बाबा धाम दर्शन के लिए जा रहे थे। सफर के दौरान जब वाहन कर्रा-रांची मुख्य मार्ग पर छाता नदी और मसमानो गांव के बीच बगडेगा के पास पहुंचा, तो चालक ने गाड़ी से अपना नियंत्रण खो दिया, जिसके परिणामस्वरूप यह दुर्घटना घटी।

इस हादसे में सुजीत कुमार बेहरा, सच्चिदानंद समल, सरोज कुमार साहू, सत्यजीत बेहरा और सूर्यकांत महाभोय घायल हो गए हैं।

दुर्घटना के तुरंत बाद स्थानीय युवाओं और कर्रा थाना पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए राहत और बचाव कार्य शुरू किया। क्षतिग्रस्त कार में फंसे सभी घायलों को बड़ी मशक्कत के बाद बाहर निकाला गया और एंबुलेंस की मदद से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, कर्रा पहुंचाया गया। वहां प्राथमिक उपचार के बाद घायलों की गंभीर स्थिति को देखते हुए डॉक्टरों ने उन्हें बेहतर इलाज के लिए सदर अस्पताल, खूंटी रेफर कर दिया। पुलिस ने फोन के माध्यम से घटना की सूचना सभी घायलों के परिजनों को दे दी है।