रांची। झारखंड ने 70वीं राष्ट्रीय विद्यालय खेल प्रतियोगिता (एसजीएफआई) 2026-27 के अंडर-14 बालक फुटबॉल वर्ग का खिताब अपने नाम कर लिया है। मध्य प्रदेश के छतरपुर में मंगलवार को खेले गए रोमांचक फाइनल मुकाबले में झारखंड ने दिल्ली को 1-0 से पराजित कर राष्ट्रीय विजेता बनने का गौरव हासिल किया।
फाइनल में टीम के कप्तान आदित्य तिर्की ने बेहतरीन खेल का प्रदर्शन करते हुए निर्णायक गोल दागा और अंत तक बढ़त बनाए रखकर टीम को जीत दिलाई। स्कूली शिक्षा एवं साक्षरता विभाग तथा झारखंड शिक्षा परियोजना परिषद् (रांची) के तत्वावधान में खेल रही इस टीम के कोच अभिजीत मंडल और मैनेजर जितेंद्र कच्छप के कुशल मार्गदर्शन की भी सराहना की गई।
समापन समारोह में छतरपुर की जिला पंचायत अध्यक्ष विद्या अग्निहोत्री ने विजेता खिलाड़ियों को स्वर्ण पदक, चैंपियन ट्रॉफी व प्रमाण-पत्र, जबकि कोच और मैनेजर को मोमेंटो देकर सम्मानित किया। झारखंड की इस ऐतिहासिक जीत पर मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन, शिक्षा सचिव उमाशंकर सिंह, परियोजना निदेशक शशि रंजन, मनोज कुमार, धीरसेन ए. सोरेंग और राज्य खेल कोषांग के सदस्यों ने पूरी टीम को बधाई दी है।
