रांची: प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष केशव महतो कमलेश की अध्यक्षता में प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय, कांग्रेस भवन, रांची में अग्रणी संगठनों, मोर्चा, विभाग एवं प्रकोष्ठों के प्रदेश अध्यक्षों, चेयरमैन, मुख्य संगठकों एवं संयोजकों की महत्वपूर्ण बैठक संपन्न हुई। इसमें कांग्रेस पार्टी के देशव्यापी ‘वोट बचाओ–देश बचाओ’ अभियान के तहत आगामी 26 नवंबर को रांची में आयोजित होने वाले ‘वोट रक्षा मार्च’ की तैयारियों, रूपरेखा एवं आवश्यक दिशा-निर्देशों पर विस्तार से चर्चा की गई। मौके पर केशव महतो कमलेश ने सभी अग्रणी संगठनों, मोर्चा, विभाग एवं प्रकोष्ठों के पदाधिकारियों को अभियान की सफलता के लिए पूरी सक्रियता और समन्वय के साथ कार्य करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र की मजबूती और संविधान की रक्षा के लिए प्रत्येक नागरिक के मताधिकार की सुरक्षा बेहद जरूरी है। वोट केवल चुनाव जीतने का माध्यम नहीं, बल्कि जनता की आवाज और लोकतांत्रिक अधिकारों की बुनियाद है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी मतदाता सूची की पारदर्शिता, निष्पक्ष चुनाव प्रक्रिया और प्रत्येक योग्य नागरिक के मतदान के अधिकार की रक्षा के लिए प्रतिबद्ध है। 26 नवंबर का वोट रक्षा मार्च लोकतंत्र और संविधान की रक्षा के संकल्प को जन-जन तक पहुंचाने का महत्वपूर्ण अवसर होगा। बैठक में सभी संगठनों एवं विभागों को अपने-अपने स्तर पर कार्यकर्ताओं की भागीदारी सुनिश्चित करने, आपसी समन्वय स्थापित करने तथा मार्च को व्यापक और सफल बनाने की जिम्मेदारी सौंपी गई। इस दौरान मुख्य रूप से सोमनाथ मुंडा, कुमार राजा, दयामणि बरला,शांतनु मिश्रा, रियाज अहमद,अजहर पप्पू, मंजूर अंसारी, आदित्य विक्रम जायसवाल, निशांत जायसवाल,आफताब आलम, हृदय आनंद यादव, तपेश्वर नाथ मिश्रा, डॉक्टर प्रसाद पासवान, शाहबाज अहमद की उपस्थिति रही।
आज खास
ब्रेकिंग
