घाटशिला। जिले के गालूडीह थाना क्षेत्र के पुटरू टोल प्लाजा के पास रेनॉल्ट डस्टर कार में अचानक भीषण आग लग गई, जिससे इलाके में अफरा-तफरी मच गई। देखते ही देखते आग ने पूरी कार को अपनी चपेट में ले लिया और वाहन जलकर पूरी तरह खाक हो गयी। कार सवार सभी लोग सुरक्षित बाहर निकल गए और किसी के हताहत की सूचना नहीं है।
मिली जानकारी के अनुसार रेनॉल्ट डस्टर कार (नंबरः JH05BB 6777) में सवार लोग घाटशिला में आयोजित सांगठनिक बैठक से वापस लौट रहे थे। इसी दौरान पुटरू टोल प्लाजा के पास अचानक कार से धुआं उठने लगा। इससे पहले कि कोई कुछ समझ पाता, आग ने विकराल रूप ले लिया।
घटना स्थल पर मौजूद लोगों ने आग बुझाने की कोशिश की लेकिन आग इतनी तेजी से फैल रही थी कि उनके प्रयास सफल नहीं हो सके। कुछ ही देर में पूरी कार आग की लपटों में घिर गई और जलकर पूरी तरह नष्ट हो गई।
फिलहाल आग लगने के वास्तविक कारणों का पता नहीं चल पाया है। प्रारंभिक तौर पर तकनीकी खराबी या शॉर्ट सर्किट की आशंका जताई जा सकती है, लेकिन इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।
