हजारीबाग। जिले में सड़क हादसे में एक युवक की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि दो अन्य युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। यह घटना सोमवार शाम मार्खम कॉलेज के पास हुई। मृतक की पहचान ग्राम हरहद निवासी नौशाद के रूप में हुई है। हादसे के बाद इलाके में शोक और आक्रोश का माहौल है।
घटना से नाराज ग्रामीणों ने मंगलवार को बड़कागांव रोड स्थित रसूलीगंज चौक के पास नौशाद के पार्थिव शरीर के साथ धरना-प्रदर्शन शुरू कर दिया। ग्रामीणों ने सड़क जाम कर अपनी नाराजगी जाहिर की। सड़क जाम होने के कारण इस मार्ग से गुजरने वाले राहगीरों और वाहन चालकों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ा। आवागमन भी प्रभावित हो गया।
ग्रामीणों का कहना है कि सड़क हादसे में एक परिवार ने अपना सदस्य खो दिया है, जबकि दो अन्य युवक गंभीर हालत में हैं। इस घटना को लेकर ग्रामीणों में काफी आक्रोश है।
ग्रामीणों ने धरना-प्रदर्शन कर मृतक के परिवार को उचित न्याय दिलाने और घायलों के बेहतर इलाज की मांग कर रहे हैं। समाचार लिखे जाने तक रसूलीगंज चौक पर आवागमन बाधित रहा। प्रशासन की ओर से मामले में आगे क्या कदम उठाए जाते हैं, इस पर सभी की नजरें टिकी हुई हैं।
