रांची। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की दो दिवसीय प्रदेश कार्यसमिति की बैठक में लिए गए निर्णयों पर पार्टी ने तत्काल प्रभाव से अमल शुरू कर दिया है। संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत बनाने और सांगठनिक गतिविधियों को गति देने के उद्देश्य से, प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू के निर्देश पर विभिन्न सांगठनिक संरचनाओं के गठन के लिए प्रमंडल और मोर्चा प्रभारियों को जिम्मेदारियां सौंप दी गई हैं।
प्रदेश कार्यालय में इसकी जानकारी देते हुए प्रदेश महामंत्री अमर कुमार बाउरी ने बताया कि सांगठनिक संरचना को तय समय-सीमा के भीतर पूरा करने की एक ठोस कार्ययोजना तैयार की गई है।
सांगठनिक गठन के लिए निर्धारित समय-सीमा: जिला एवं मंडल कार्यसमिति: 10 नवंबर, प्रकोष्ठ एवं विभाग: 30 नवंबर, प्रदेश एवं जिला मोर्चा समितियां: 20 नवंबर, शक्ति केंद्र: 30 नवंबर और बूथ समिति: 15 दिसंबर।
इसके साथ ही, संगठनात्मक गतिविधियों को जमीनी स्तर पर और अधिक सक्रिय बनाने के लिए प्रदेश पदाधिकारियों, जिलाध्यक्षों, जिला प्रभारियों, मंडल अध्यक्षों, मंडल प्रभारियों और मोर्चा अध्यक्षों को सात दिनों की विशेष प्रवास योजना तैयार करने का निर्देश दिया गया है।
संगठन के कार्यों के बेहतर समन्वय और निगरानी के लिए राज्य के छह प्रमंडलों में वरिष्ठ नेताओं को प्रभारी बनाया गया है:
कोल्हान प्रमंडल: नीलकंठ सिंह मुंडा (प्रदेश उपाध्यक्ष),संथाल परगना: बालमुकुंद सहाय (प्रदेश उपाध्यक्ष),
धनबाद प्रमंडल: सुनील सोरेन (प्रदेश उपाध्यक्ष),दक्षिणी छोटानागपुर: गणेश मिश्रा (प्रदेश महामंत्री),पलामू प्रमंडल: अमर कुमार बाउरी (प्रदेश महामंत्री) और
हजारीबाग प्रमंडल: मनोज सिंह (प्रदेश महामंत्री)।
विभिन्न मोर्चों के गठन और विस्तार की जिम्मेदारी पार्टी के प्रदेश महामंत्रियों को सौंपी गई है। गणेश मिश्रा: किसान मोर्चा, अनुसूचित जाति मोर्चा एवं अल्पसंख्यक मोर्चा,अमर कुमार बाउरी: ओबीसी मोर्चा एवं युवा मोर्चा और मनोज सिंह: महिला मोर्चा एवं अनुसूचित जनजाति मोर्चा।
