गिरिडीह। बेंगाबाद थाना क्षेत्र के पहाड़पुर गांव में प्रेम प्रसंग को लेकर 16 वर्षीय किशोर की निर्मम हत्या कर शव को तीन टुकड़े कर जमीन में दफनाने का मामला सामने आया है। मृतक की पहचान बिहार के बिचकोड़वा थाना क्षेत्र के मोरियाडीह निवासी मथुरा रविदास के पुत्र मिथुन कुमार दास उर्फ कारू दास के रूप में हुई है। पुलिस ने पहाड़पुर निवासी जगदीश दास, उसकी पत्नी और बेटी को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया है। बताया गया कि मिथुन का जगदीश दास की बेटी के साथ करीब एक वर्ष से प्रेम प्रसंग चल रहा था। रविवार शाम वह घर से निकला था, जिसके बाद वापस नहीं लौटा। परिजन उसकी तलाश कर रहे थे। गुरुवार को पहाड़पुर गांव में एक कटा हुआ पैर मिलने की सूचना पर मामले का खुलासा हुआ।

सूचना पर बेंगाबाद पुलिस मौके पर पहुंची और जांच के दौरान जगदीश दास के घर के पीछे खजूर के पेड़ के समीप जमीन में दफन किशोर का शव बरामद किया। सीओ सफी आलम की मौजूदगी में मजिस्ट्रेट की निगरानी में शव को बाहर निकाला गया। सदर एसडीपीओ जीतवाहन उरांव ने भी मौके पर पहुंचकर घटना की जानकारी ली।


एसडीपीओ ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला प्रेम प्रसंग में हत्या का प्रतीत हो रहा है। शव के टुकड़े कर दफनाए जाने की पुष्टि हुई है। पुलिस मामले की गहन जांच कर रही है और फॉरेंसिक टीम को भी बुलाया गया है। घटना के बाद मृतक के परिजनों ने हंगामा किया, जिसके बाद पुलिस ने स्थिति नियंत्रित करते हुए तीन लोगों को हिरासत में लिया।