गुमला। रांची एसीबी की टीम ने पालकोट प्रखंड में कार्रवाई करते हुए मनरेगा के प्रखंड कार्यक्रम पदाधिकारी (बीपीओ) हरीश प्रजापति को 6 हजार रुपये रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। आरोपी बीपीओ मनरेगा योजना के तहत तालाब निर्माण की जियो टैगिंग करने के एवज में लाभुक से रिश्वत मांग रहा था।

जानकारी के अनुसार तालाब निर्माण का कार्य पूरा होने के बाद उसकी जियो टैगिंग की जानी थी। जियो टैगिंग नहीं होने की स्थिति में योजना से संबंधित आगे की प्रक्रिया और राशि का भुगतान अटक रहा था। इसी का फायदा उठाते हुए हरीश प्रजापति ने संबंधित लाभुक से 10 हजार रुपये रिश्वत की मांग की थी। लाभुक ने पहली किस्त के रूप में 6 हजार रुपये देने पर सहमति जताते हुए इसकी लिखित शिकायत एसीबी से कर दी।

शिकायत का सत्यापन करने के बाद एसीबी की टीम ने जाल बिछाया और जैसे ही लाभुक ने बीपीओ को 6 हजार रुपये दिए, टीम ने उसे रंगे हाथ दबोच लिया। गिरफ्तारी के बाद एसीबी की टीम आरोपी बीपीओ को अपने साथ रांची ले गई, जहां उससे पूछताछ की जा रही है। मामले में आगे की कार्रवाई जारी है।