रांची। झारखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष केशव महतो कमलेश ने गुरुवार को प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय में महिला कांग्रेस और ग्रामीण रांची जिला कांग्रेस कमेटी की महत्वपूर्ण बैठक ली। बैठक में आगामी 7 सितंबर को लोकभवन के समक्ष आयोजित होने वाले धरना-प्रदर्शन की तैयारियों की समीक्षा की गई और कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए रणनीति तैयार की गई।
यह प्रदर्शन एमएमडीआर संशोधन एक्ट-2026 और राम मंदिर निर्माण चंदा चोरी के आरोपों के विरोध में आयोजित किया जा रहा है। समीक्षा के दौरान संगठन को जमीनी स्तर पर मजबूत करने और आगामी रणनीतियों पर भी विस्तार से चर्चा हुई।
बैठक को संबोधित करते हुए प्रदेश अध्यक्ष केशव महतो कमलेश ने कहा कि झारखंड के अधिकारों और जनहित की रक्षा के लिए कांग्रेस का संघर्ष जारी रहेगा। उन्होंने जोर देकर कहा कि झारखंड के जल, जंगल, जमीन और खनिज संसाधनों पर जनता के अधिकारों को प्रभावित करने वाले एमएमडीआर संशोधन अधिनियम, 2026 के खिलाफ हमें लोकभवन के समक्ष एकजुट होकर जोरदार आवाज उठानी है। इस कार्यक्रम में आम जनता और कार्यकर्ताओं की अधिक से अधिक भागीदारी सुनिश्चित की जाए।
इस अवसर पर महिला कांग्रेस की प्रदेश अध्यक्ष रमा खलखो, नेशनल कोऑर्डिनेटर सुंदरी तिर्की समेत पार्टी के कई वरिष्ठ नेता एवं कार्यकर्ता उपस्थित थे।
