चतरा। जिले में नशे के सौदागरों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत लावालौंग थाना पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए जोभी टोला के बेहराबाद से 1.485 किलोग्राम अवैध अफीम के साथ एक 50 वर्षीय महिला को गिरफ्तार किया है।

सिमरिया अनुमंडल मुख्यालय में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान एसडीपीओ नागरगोजे शुभम भाऊसाहेब ने बताया कि एसपी अनिमेष नैथानी को क्षेत्र में अफीम के अवैध भंडारण की गुप्त सूचना मिली थी। सूचना के आधार पर एसडीपीओ के नेतृत्व में लावालौंग पुलिस की एक विशेष टीम गठित कर जोभी टोला बेहराबाद स्थित एक मकान में छापेमारी की गई। तलाशी के दौरान घर से 1.485 किलो अफीम बरामद हुई, जिसकी अनुमानित अंतरराष्ट्रीय कीमत लगभग 7 लाख 50 हजार रुपये बताई जा रही है। पुलिस ने मौके से पचिया देवी (50 वर्ष, पति- भगवान गंझु) को गिरफ्तार कर लिया है। कार्रवाई के दौरान परिजनों के पहचान संबंधी दस्तावेज भी जब्त किए गए हैं। एसडीपीओ ने कड़ा संदेश देते हुए कहा कि जिले में नशे के अवैध कारोबार और अफीम की खेती के खिलाफ पुलिस का अभियान लगातार जारी रहेगा।

इस काले कारोबार या अवैध खेती में संलिप्त पाए जाने वाले किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा और उनके खिलाफ सख्त से सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।