रांची। झारखंड विधानसभा का मानसून सत्र 6 अगस्त से शुरू होगा। जेपीएससी और जेएसएससी परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं तथा नियोजन नीति के मुद्दे पर विपक्ष सरकार को घेरने की पूरी तैयारी में है। युवाओं और रोजगार से जुड़े इन संवेदनशील मुद्दों पर विपक्ष के तेवर आक्रामक रहने के संकेत हैं। दूसरी ओर, सत्ता पक्ष भी जवाबी रणनीति तैयार कर चुका है।
सत्र को सफल, सुचारू और गरिमापूर्ण तरीके से चलाने के लिए विधानसभा अध्यक्ष रबीन्द्र नाथ महतो की अध्यक्षता में उनके कक्ष में एक महत्वपूर्ण सर्वदलीय बैठक आयोजित की गई। इस बैठक में राज्य के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन भी उपस्थित रहे।
बैठक के दौरान सत्र के संचालन, परंपराओं के पालन और संसदीय मर्यादाओं को बनाए रखने पर विचार-विमर्श हुआ। इस बैठक में संसदीय कार्य मंत्री राधा कृष्ण किशोर, नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी, विधायक प्रदीप यादव, सुरेश पासवान, अरूप चटर्जी, जयराम कुमार महतो, निर्मल महतो समेत कई अन्य राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि और वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे।
6 से 12 अगस्त तक प्रस्तावित इस संक्षिप्त सत्र में कुल 7 दिन निर्धारित हैं, लेकिन शनिवार और रविवार के अवकाश के कारण केवल 5 कार्यदिवस ही होंगे।
