रांची। झारखंड शिक्षक पात्रता परीक्षा (जेटेट 2026) का आयोजन 1 नवंबर को राज्यभर में कुल 986 परीक्षा केंद्रों पर होना है। यह दो पालियों में आयोजित होगी। पहली पाली में कक्षा 1 से 5 और दूसरी पाली में कक्षा 6 से 8 के शिक्षक बनने के इच्छुक अभ्यर्थी परीक्षा देंगे। पहली पाली की परीक्षा सुबह 9:30 बजे से दोपहर 12 बजे तक होगी। इसके लिए अभ्यर्थियों को सुबह 7:30 बजे से 9 बजे तक परीक्षा केंद्र में प्रवेश दिया जाएगा। सुबह 9 बजे के बाद किसी भी परीक्षार्थी को परीक्षा केंद्र में प्रवेश नहीं दिया जाएगा। इसलिए अभ्यर्थियों को ट्रैफिक और अन्य संभावित देरी को ध्यान में रखते हुए समय से पहले केंद्र पहुंचने की सलाह दी गई है।
दूसरी पाली में कक्षा 6 से 8 के शिक्षक बनने के इच्छुक अभ्यर्थी परीक्षा देंगे। यह परीक्षा दोपहर 2 बजे से शाम 4:30 बजे तक आयोजित होगी। दूसरी पाली के अभ्यर्थियों के लिए प्रवेश का समय दोपहर 12:30 बजे से 1:30 बजे तक निर्धारित किया गया है। निर्धारित प्रवेश समय समाप्त होने के बाद केंद्र पर पहुंचने वाले अभ्यर्थियों को प्रवेश नहीं मिलेगा। जेटेट परीक्षा केंद्रों पर कदाचार रोकने के लिए सख्त व्यवस्था की गई है। केंद्रों पर निगरानी के लिए सीसीटीवी कैमरों समेत अन्य जरूरी इंतजाम किए गए हैं। इसके अलावा परीक्षा केंद्रों के 100 मीटर के दायरे में निषेधाज्ञा लागू रहेगी। जैक अध्यक्ष डॉ. नटवा हांसदा ने अभ्यर्थियों से परीक्षा संबंधी सभी निर्देशों का पालन करने और निर्धारित समय से पहले परीक्षा केंद्र पहुंचने की अपील की है।
