रांची: झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) के वरिष्ठ नेता और मझगांव से चार बार के विधायक निरल पूर्ति को वर्ष 2026 के लिए झारखंड विधानसभा का ‘उत्कृष्ट विधायक’ चुना गया है। विधानसभा अध्यक्ष रबीन्द्रनाथ महतो की अध्यक्षता में हुई चयन समिति की बैठक में उनके नाम पर सर्वसम्मति से मुहर लगाई गई। इस घोषणा के बाद झामुमो कार्यकर्ताओं और उनके समर्थकों में उत्साह का माहौल है।
उन्हें यह सम्मान आगामी 22 नवंबर 2026 को झारखंड विधानसभा के 26वें स्थापना दिवस समारोह में उनके बेहतर विधायी कार्यों और सदन में सक्रिय भूमिका के लिए प्रदान किया जाएगा।
उत्कृष्ट विधायक का चयन सदन के भीतर विधायकों की सक्रियता, जनहित के मुद्दों को उठाने और संसदीय मर्यादाओं के पालन के आधार पर किया जाता है। इन्हीं मापदंडों पर खरा उतरने के कारण समिति ने निरल पूर्ति को इस सम्मान के लिए चुना है।
विधानसभा अध्यक्ष रबीन्द्रनाथ महतो की अध्यक्षता में गठित 9 सदस्यीय चयन समिति में नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी, पूर्व विधानसभा अध्यक्ष इंदर सिंह नामधारी, विधायक स्टीफन मरांडी, रामचंद्र सिंह, सुरेश पासवान और वरिष्ठ पत्रकार विनय कुमार सदस्य के रूप में शामिल थे। विधानसभा के प्रभारी सचिव रंजीत कुमार सदस्य सचिव थे।
कौन हैं निरल पूर्ति?
निरल पूर्ति पश्चिम सिंहभूम जिले की अनुसूचित जनजाति (एसटी) के लिए आरक्षित मझगांव विधानसभा सीट का प्रतिनिधित्व करते हैं। क्षेत्र की राजनीति में उनकी मजबूत पकड़ मानी जाती है। वे वर्ष 2005, 2014, 2019 और 2024 के विधानसभा चुनावों में जीत दर्ज कर लगातार इस क्षेत्र का नेतृत्व कर रहे हैं।
झारखंड विधानसभा में उत्कृष्ट विधायक सम्मान देने की शुरुआत वर्ष 2001 में हुई थी। आधिकारिक आंकड़ों के अनुसार, वर्ष 2025 तक कुल 21 विधायकों को यह सम्मान मिल चुका है। निरल पूर्ति इस प्रतिष्ठित सम्मान को पाने वाले 22वें विधायक होंगे।
समिति द्वारा उत्कृष्ट विधान सभा कर्मी के रूप में 06 विधान सभा कर्मियों का भी चयन किया गया हैI इन्हें स्व० कपिलेश्वर प्रसाद पुरस्कार से सम्मानित किया जायेगा। इनमें किरण सुमन बाखला (उपसचिव), सुषमा सिन्हा (उपसचिव), रविकान्त समीर तिर्की (प्रशाखा पदाधिकारी), मो० अली अहमद (अधीक्षक), शिवराज राम (वरीय ट्रेजरी सरकार) और संजय कुमार मेहता (अनुसेवक) शामिल हैं|
अब स्थापना दिवस समारोह के अवसर पर उत्कृष्ट विधायक को राज्यपाल के द्वारा प्रशस्ति पत्र, शॉल, मोमेंटो, चाँदी शिल्ड के साथ 51,000 रुपये की सम्मान राशि प्रदान की जायेगी।
उत्कृष्ट कर्मियों को मुख्यमंत्री द्वारा प्रशस्ति पत्र,शॉल एवं मोमेंटो के साथ प्रत्येक को 21,000 रुपया सम्मान राशि के रूप में प्रदान की जाएगी।
