गिरिडीह। झारखंड कर्मचारी चयन आयोग (जेएसएससी) की सीजीएल परीक्षा में कथित अनियमितता और धांधली की जांच के सिलसिले में पुलिस ने रांची नगर निगम के फूड सेफ्टी विभाग के इंस्पेक्टर संजय कुमार को हिरासत में लिया है। बुधवार को गावां पुलिस की टीम ने पिहरा बाजार स्थित उनके आवास पर दबिश देकर उन्हें हिरासत में लिया।

इस कार्रवाई के लिए एक विशेष पुलिस टीम का गठन किया गया था, जिसमें गावां थाना प्रभारी जयप्रकाश कुमार, देवरी थाना प्रभारी श्वेता कुमारी और तिसरी थाना प्रभारी शंभुनंद ईश्वर शामिल थे। टीम ने संयुक्त रूप से पिहरा बाजार स्थित संजय कुमार के आवास पर पहुंचकर यह कार्रवाई की। मामले की जानकारी देते हुए खोरीमहुआ एसडीपीओ अमरेंद्र कुमार ने बताया कि सीआईडी के निर्देश पर संजय कुमार को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया गया है। उन्होंने स्पष्ट किया कि पूरा मामला जेएसएससी सीजीएल परीक्षा में हुई कथित गड़बड़ी से जुड़ा हुआ है और सीआईडी की टीम इस मामले में लगातार जांच व पूछताछ कर रही है। एसडीपीओ ने आगे बताया कि फिलहाल पुलिस अधिकारी उनसे पूछताछ कर रहे हैं और इसके बाद ही स्थिति पूरी तरह स्पष्ट हो सकेगी। यदि पूछताछ और जांच के दौरान उनके खिलाफ धांधली से जुड़ा कोई ठोस साक्ष्य नहीं मिलता है, तो उन्हें पीआर बॉन्ड पर रिहा कर दिया जाएगा।