धनबाद/रांची। बेनीडीह (धनबाद) में सितंबर 2022 में हुई सीआईएसएफ मुठभेड़ का मामला करीब चार साल बाद एक बार फिर जांच के दायरे में आने को है। इस घटना में चार युवकों जलालुद्दीन खान उर्फ शहजाद खान, मोहम्मद शमीम अंसारी, मोहम्मद अताउल्ला अंसारी उर्फ अतुल अंसारी और प्रतीम नोनिया की मौत हो गई थी। अब राष्ट्रीय मानवाधिकार आयोग की टीम ने मामले में हस्तक्षेप किया है| आयोग की टीम धनबाद पहुंचकर मामले की परिस्थितियों और घटना के बाद हुई कार्रवाई की पड़ताल करेगी। जांच का दायरा सिर्फ घटना में मारे गए युवकों के परिवार तक सीमित नहीं रहेगा। आयोग मृतकों के परिजनों के अलावा घायलों के परिवार, प्रत्यक्षदर्शियों, घटना से जुड़े वाहन चालक और शिकायतकर्ता से भी पूछताछ करेगी। जांच में यह जानने की कोशिश की जाएगी कि घटना से पहले मौके की परिस्थितियां क्या थीं, मुठभेड़ के दौरान क्या हुआ और घटना के बाद पुलिस व प्रशासन की ओर से किस तरह की कार्रवाई की गई। इसके अलावा घटना के प्रत्यक्षदर्शियों और घायलों के परिजनों से भी पूछताछ की जाएगी। घटनाक्रम से जुड़े वाहन के चालक शंकर रवानी का बयान भी जांच में शामिल किया जाएगा। वहीं मामले के शिकायतकर्ता अनूप कुमार से भी आयोग जानकारी लेगा। जांच में घटना के समय धनबाद में तैनात रहे प्रशासनिक और पुलिस अधिकारियों को भी शामिल किया गया है। तत्कालीन जिलाधिकारी, वरीय पुलिस अधीक्षक, अनुमंडल पदाधिकारी, ग्रामीण एसपी, बाघमारा थाना प्रभारी, कतरास थाना प्रभारी, हर्षनपुर थाना प्रभारी और मामले के तत्कालीन अनुसंधानकर्ता से घटना तथा जांच के दौरान उठाए गए कदमों के बारे में जानकारी ली जाएगी।मुठभेड़ में शामिल सीआईएसएफ कर्मियों से भी आयोग पूछताछ करेगा। जांच सूची में सीआईएसएफ कांस्टेबल अरुण कुमार यादव, उप निरीक्षक दिनेश शर्मा और पिंटू कुमार के नाम शामिल हैं। आयोग यह भी देखेगा कि मुठभेड़ के बाद संबंधित पुलिस, प्रशासन और अन्य एजेंसियों ने निर्धारित प्रक्रिया का पालन किया था या नहीं। जांच के दौरान सामने आने वाले बयानों और साक्ष्यों के आधार पर घटना से जुड़े अलग-अलग पहलुओं को परखा जाएगा।

जानकारी के मुताबिक, 19 सितंबर 2022 की रात बीसीसीएल की बेनीडीह परियोजना में सीआईएसएफ के साथ हुई मुठभेड़ में चार युवकों की मौत हुई थी। मामले को लेकर बाघमारा थाने में 20 नवंबर 2022 को प्राथमिकी दर्ज की गई थी।

अब आयोग की टीम घटना से जुड़े लोगों के बयान दर्ज कर पूरे घटनाक्रम की कड़ियों को समझने की कोशिश करेगी। मृतकों के परिजनों से लेकर प्रत्यक्षदर्शियों तक के बयान दर्ज होंगे|