रांची। झारखण्ड में चल रहे विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर)-2026 के तहत मतदाता सूची में नाम जोड़ने, मतदाता के नाम से संबंधित आपत्ति दर्ज और दूसरे कामों के लिए अब सिर्फ 6 दिन शेष हैं। दावा-आपत्ति की अंतिम तिथि 30 सितम्बर निर्धारित की गई है। इधर, सीइओ, झारखंड के. रवि कुमार ने राज्य के सभी पात्र भारतीय नागरिकों से अपील की है कि वे अंतिम तिथि का इंतजार नहीं करें। जिन पात्र नागरिकों का नाम ड्राफ्ट मतदाता सूची में शामिल नहीं है, वे फॉर्म-6 एवं आवश्यक घोषणा पत्र 30 सितम्बर तक इसीआईनेट के माध्यम से अथवा संबंधित बीएलओ के सहयोग से अवश्य जमा करें। उन्होंने कहा कि 30 सितम्बर के बाद निर्वाचन मशीनरी द्वारा एसआईआर के अगले चरण की कार्रवाई की जाएगी। इसमें प्राप्त दावों एवं आपत्तियों के डिजिटाइजेशन, आवेदनों की जांच, आवश्यकतानुसार नोटिस जारी करने, सुनवाई की प्रक्रिया तथा इसके उपरांत अंतिम मतदाता सूची के प्रकाशन से संबंधित कार्य किए जाएंगे। इसलिए पात्र नागरिकों के लिए दावा-आपत्ति एवं आवेदन जमा करने का वर्तमान चरण अत्यंत महत्वपूर्ण है।मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी ने कहा कि फॉर्म-7 के माध्यम से दर्ज आपत्तियों पर निर्धारित प्रक्रिया के तहत जांच एवं सुनवाई के बाद ही निर्णय लिया जाएगा। केवल फॉर्म-7 जमा कर देने मात्र से किसी मतदाता का नाम स्वतः विलोपित नहीं होगा। इसी प्रकार फॉर्म-8 के माध्यम से मतदाता सूची में दर्ज विवरण में सुधार, पते में परिवर्तन अथवा निर्धारित प्रक्रिया के तहत नाम स्थानांतरित कराने के लिए आवेदन किया जा सकता है।
आज खास
ब्रेकिंग
