देवघर। असम के मुख्यमंत्री हिमंता बिस्वा सरमा ने बुधवार को देवघर में 750 बेड वाले आधुनिक सुविधाओं से लैस 'बाबा बैद्यनाथ मेडिकल ट्रस्ट हॉस्पिटल' का उद्घाटन किया। इस नए अस्पताल की शुरुआत से देवघर और आसपास के क्षेत्रों के लोगों को स्थानीय स्तर पर ही उच्च स्तरीय और बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं मिल सकेंगी। भविष्य में इस अस्पताल में सुविधाओं का और अधिक विस्तार किया जाएगा।

उद्घाटन समारोह को संबोधित करते हुए असम के मुख्यमंत्री हिमंता बिस्वा सरमा ने कहा कि बाबा की इस पावन धरती पर आज एक बहुत बड़ा जनहित का कार्य हुआ है, जो क्षेत्र के विकास का एक बड़ा उदाहरण है।

असम सीएम ने विश्वास जताया कि देवघर में एम्स और बाबा बैद्यनाथ मेडिकल ट्रस्ट हॉस्पिटल दोनों मिलकर क्षेत्र की स्वास्थ्य व्यवस्था को बेहद मजबूत करेंगे। आने वाले समय में देवघर न केवल धार्मिक बल्कि मेडिकल टूरिज्म का भी एक प्रमुख हब बनकर उभरेगा।

कार्यक्रम में मौजूद गोड्डा सांसद निशिकांत दुबे ने इस सौगात को पूरे झारखंड के लिए एक ऐतिहासिक उपलब्धि बताया।