रांची। झारखंड में अगले पांच दिनों तक मौसम का मिजाज बदला रहेगा। भारत के पूर्व-मध्य और उससे सटे पश्चिम-मध्य बंगाल की खाड़ी में बने कम दबाव के क्षेत्र के कारण राज्य भर में 27 सितंबर तक गरज-चमक के साथ मूसलाधार बारिश की संभावना जताई गई है। इस दौरान मौसम विभाग ने वज्रपात और तेज हवाओं को लेकर विशेष अलर्ट जारी किया है। राजधानी राँची में बुधवार सुबह से ही तेज हवाओं के साथ बारिश का दौर जारी है। मौसम विभाग के अनुसार यह बारिश फिलहाल थमने वाली नहीं है। राँची और आसपास के जिलों में आज और कल भारी बारिश के साथ-साथ 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तूफानी हवाएं चलने और वज्रपात की आशंका है।

मौसम पूर्वानुमान के अनुसार 24 सितंबर को राज्य के दक्षिणी और मध्य भागों में बारिश का सबसे ज्यादा असर देखने को मिलेगा। सिमडेगा और पश्चिमी सिंहभूम के अलावा राँची, गुमला और खूँटी जिलों में कुछ स्थानों पर भारी से अत्यधिक भारी बारिश हो सकती है। इसके बाद 25 और 26 सितंबर को भी राज्य के विभिन्न हिस्सों में बादलों की गर्जना के साथ भारी बारिश का सिलसिला बना रहेगा। वहीं 27 सितंबर को राज्य के कुछ इलाकों में मेघगर्जन, वज्रपात और 30 से 40 किमी प्रति घंटे की गति से हवाएं चलने का अनुमान है।