चतरा। प्रतिबंधित उग्रवादी संगठन टीएसपीसी (तृतीय सम्मेलन प्रस्तुति कमिटी) के शीर्ष प्रमुख ब्रजेश गंझू के पुलिस मुठभेड़ में मारे जाने के बाद संगठन में हड़कंप मच गया है। मुठभेड़ की इस कार्रवाई के विरोध में संगठन के जोनल कमांडर नथुनी जी के नाम से जारी एक हस्तलिखित पर्चा सोशल मीडिया पर प्रसारित हो रहा है।
इस पर्चे के जरिए टीएसपीसी ने एनकाउंटर को पूरी तरह से फर्जी करार देते हुए इसके विरोध में चतरा, हजारीबाग, पलामू, लातेहार, गढ़वा लोहरदगा और गुमला-इन 7 जिलों में 24 से 26 सितंबर तक तीन दिवसीय बंद का आह्वान किया है।
उल्लेखनीय है कि हाल ही में सुरक्षा बलों के साथ हुई मुठभेड़ में टीएसपीसी सुप्रीमो ब्रजेश गंझू मारा गया था, जिसे पुलिस विभाग ने उग्रवाद विरोधी अभियान में एक ऐतिहासिक सफलता माना था। हालांकि, अब संगठन इस कार्रवाई को फर्जी बताकर अपनी मौजूदगी दर्ज कराने की कोशिश कर रहा है।
बंद के ऐलान के तुरंत बाद पुलिस व प्रशासन पूरी तरह से अलर्ट मोड में आ गया है। चतरा समेत सभी संबंधित पांचों जिलों में सुरक्षा बलों की तैनाती बढ़ा दी गई है और संवेदनशील तथा उग्रवाद प्रभावित इलाकों में सघन सर्च ऑपरेशन चलाए जा रहे हैं। पुलिस प्रशासन ने आम जनता से अपील की है कि वे किसी भी तरह की अफवाहों पर ध्यान न दें, संयम बनाए रखें और यात्रा या दैनिक गतिविधियों के दौरान सतर्कता बरतें।
