सरायकेला-खरसावां। जिले के आदित्यपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत जियाडा सर्विस लेन में बुधवार की रात एक फास्ट फूड ठेले पर उपजा मामूली विवाद हिंसक झड़प में बदल गया। इस खूनी संघर्ष में जमशेदपुर के मानगो निवासी एक युवक की मौत हो गई, जबकि एक अन्य युवक की हालत गंभीर बनी हुई है।
सूत्रों के अनुसार रात करीब 12:30 बजे जियाडा सर्विस लेन स्थित एक फास्ट फूड ठेले पर कुछ युवकों के बीच किसी बात को लेकर कहासुनी शुरू हुई। देखते ही देखते बात इतनी बढ़ गई कि दोनों पक्षों के बीच जमकर मारपीट और खूनी संघर्ष शुरू हो गया। इस घटना में कई युवक घायल हो गए।
घटना के तुरंत बाद सभी घायलों को इलाज के लिए जमशेदपुर के टाटा मुख्य अस्पताल (टीएमएच) ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने शेखर नामक युवक को मृत घोषित कर दिया। वहीं, इस संघर्ष में घायल एक अन्य युवक की स्थिति अभी भी गंभीर बनी हुई है।
घटना की सूचना मिलते ही आदित्यपुर थाना प्रभारी अंजनी कुमार सिंह और अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (एसडीपीओ) अनुभव भारद्वाज दल-बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। पुलिस अधिकारियों ने मौके का जायजा लिया और तुरंत मामले की जांच शुरू कर दी। इसके साथ ही घायलों के संबंध में विस्तृत जानकारी जुटाने के लिए पुलिस अस्पताल भी पहुंची।
इस मामले पर जानकारी देते हुए एसडीपीओ अनुभव भारद्वाज ने बताया कि आपसी विवाद के कारण यह मारपीट हुई थी, जिसमें एक युवक की जान चली गई है और एक अन्य गंभीर रूप से घायल है। पुलिस फिलहाल मामले के सभी पहलुओं की बारीकी से जांच कर रही है।
फिलहाल विवाद की वास्तविक वजह और इस घटना में प्रत्यक्ष या अप्रत्यक्ष रूप से शामिल अन्य लोगों की भूमिका स्पष्ट नहीं हो सकी है। इसके अलावा, घटना में घायल कुल युवकों की आधिकारिक पुष्टि भी अभी तक नहीं हुई है। पुलिस आरोपियों की पहचान करने और घटना के कारणों का पता लगाने के लिए जुटी हुई है।
