रांची। सेंट्रल कोलफील्ड्स लिमिटेड (सीसीएल) ने अपनी सीएसआर पहल के तहत ‘सीसीएल विद्या सारथी-2026’ का शुभारंभ गांधीनगर, रांची स्थित लाल हॉस्टल में किया। इस कार्यक्रम के तहत सीसीएल के कमांड क्षेत्रों में स्थित 10 डीएवी केंद्रों (कुजू, बरकाकाना, ढोरी, गिरिडीह, रजरप्पा, कथारा, रांची, अरगड़ा, हजारीबाग एवं पिपरवार) के माध्यम से 400 प्रतिभाशाली विद्यार्थियों को दो वर्षों तक निःशुल्क JEE एवं NEET की तैयारी कराई जाएगी।
नेशनल कंप्यूटर साक्षरता मिशन के सहयोग से संचालित इस योजना के तहत विद्यार्थियों को विशेषज्ञ शिक्षकों द्वारा अध्ययन सामग्री, डिजिटल सपोर्ट और नियमित मूल्यांकन उपलब्ध कराया जाएगा। रांची केंद्र से चयनित 60 विद्यार्थियों और उनके अभिभावकों ने उद्घाटन समारोह में हिस्सा लिया।
समारोह में निदेशक (मानव संसाधन) हर्ष नाथ मिश्र और मुख्य सतर्कता अधिकारी पंकज कुमार ने छात्रों को संबोधित करते हुए कठिन परिश्रम, अनुशासन और आत्मविश्वास के साथ लक्ष्य हासिल करने के लिए प्रेरित किया। इस अवसर पर महाप्रबंधक (सीएसआर) एस एस लाल, महाप्रबंधक (कल्याण) संजय कुमार ठाकुर सहित सीसीएल के अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे। यह पहल ग्रामीण व आर्थिक रूप से कमजोर पृष्ठभूमि के मेधावी विद्यार्थियों को राष्ट्रीय स्तर की परीक्षाओं में सफलता दिलाने की दिशा में एक अहम कदम है।
