रांची। राजधानी रांची में सुरक्षा व्यवस्था को ठेंगा दिखाते हुए बेखौफ चोरों ने एक ही समय पर दो अलग-अलग थाना क्षेत्रों में भीषण चोरी की वारदातों को अंजाम दिया है। चोरों ने दिनदहाड़े चुटिया स्थित एक बंद अपार्टमेंट और अपर बाजार के प्रमुख कारोबारी ठिकाने को निशाना बनाकर कुल 56 लाख रुपये से अधिक मूल्य के आभूषण, नकदी और सामान पर हाथ साफ कर दिया। इन घटनाओं ने शहर के रिहायशी इलाकों के साथ-साथ व्यावसायिक क्षेत्रों की सुरक्षा पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
पहली वारदात चुटिया थाना क्षेत्र के अनंतपुर स्थित सुकीर्ति अपार्टमेंट की है। यहाँ चोरों ने फ्लैट नंबर-201 में दिनदहाड़े धावा बोला। वारदात के समय पूरा फ्लैट बंद था, जिसका फायदा उठाकर अपराधी आसानी से घर में दाखिल हो गए। अलमारी व लॉकर खंगालकर चोरों ने हीरे, सोने-चांदी के बेशकीमती आभूषण और भारी मात्रा में नकदी पार कर दी। चुराए गए सामान की कुल कीमत लगभग 36.30 लाख रुपये आंकी गई है।
अपर बाजार में सिगरेट एजेंसी के 5 से अधिक ताले चटकाए, 20 लाख की चपत
दूसरी घटना शहर के व्यस्ततम व्यावसायिक केंद्र अपर बाजार की है। यहाँ अपराधियों ने एक सिगरेट एजेंसी को अपना शिकार बनाया। दुस्साहस का आलम यह था कि बदमाशों ने एक-एक कर एजेंसी के पाँच से ज्यादा ताले तोड़ डाले और अंदर रखे सिगरेट के दर्जनों कार्टन व नकदी समेटकर रफूचक्कर हो गए। एजेंसी संचालक के अनुसार चोरी गए सामान व नकदी की कीमत 20 लाख रुपये से अधिक है।
थोक मंडी और घनी आबादी वाले अपर बाजार में हुई इस बड़ी वारदात के बाद स्थानीय कारोबारियों में आक्रोश और सुरक्षा को लेकर गहरा डर व्याप्त है। सूचना मिलते ही दोनों थाना क्षेत्रों की पुलिस मौके पर पहुँची और तकनीकी टीम की मदद से साक्ष्य जुटाए।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि दोनों घटनास्थलों और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। संदिग्धों की शिनाख्त की कोशिश जारी है और जल्द ही गिरोह का पर्दाफाश कर चोरी का माल बरामद कर लिया जाएगा।
