रांचीः विश्व पर्यटन दिवस के अवसर पर प्रसिद्ध जोन्हा जलप्रपात, रांची जैसे प्रसिद्ध पर्यटन स्थल पर स्वच्छ भारत मिशन (जी- पेयजल एवं स्वच्छता विभाग) की ओर से विशेष स्वच्छता एवं जन-जागरूकता अभियान का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम रांची ईस्ट डिवीजन, रांची वेस्ट डिवीजन एवं निदेशालय, एसबीएमजी झारखंड के संयुक्त तत्वावधान में और अभियान निदेशक रंजीता हेम्ब्रम के नेतृत्व में आयोजित किया गया। इस दौरान जोन्हा जलप्रपात पर्यटन स्थल की विशेष साफ-सफाई की गयी। “एक पेड़ माँ के नाम” के तहत पौधारोपण के अलावा स्वच्छता शपथ, सेल्फी प्वाइंट्स के माध्यम से स्वच्छता संदेश का प्रसार और दूसरी गतिविधियों का आयोजन किया गया। मौके पर रंजीता हेम्ब्रम ने उपस्थित लोगों को स्वच्छता के लिए एक कदम आगे बढ़ाने तथा स्वच्छता की शुरुआत अपने घर, मोहल्ले, गाँव एवं पर्यटन स्थलों से करने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि स्वच्छ एवं सुंदर पर्यटन स्थलों के निर्माण के लिए सामूहिक प्रयास और जनभागीदारी अत्यंत महत्वपूर्ण है। स्वच्छता केवल एक अभियान नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक की सामूहिक जिम्मेदारी है। कार्यक्रम में शशेन्द्र कुमार बड़ाईक (संयुक्त सचिव-सह-संयुक्त निदेशक), राजेश रंजन (कार्यपालक अभियंता, रांची ईस्ट डिवीजन), आनंद कुमार (कार्यपालक अभियंता, रांची वेस्ट डिवीजन) सहित राज्य समन्वयक, जिला समन्वयक, सहायक अभियंता, कनीय अभियंता, प्रखंड समन्वयक समेत अन्य ने भी सक्रिय सहभागिता की।