रांची। नेपाल में आई हालिया प्राकृतिक आपदा से प्रभावित लोगों की मदद के लिए झारखंड से सहृदयता और सामाजिक एकजुटता की मिसाल सामने आई है। झारखंड गोर्खा समाज, रांची और झारखंड सशस्त्र पुलिस-1 (जैप-1) के संयुक्त तत्वावधान में चलाए गए सामूहिक मानवीय राहत अभियान के तहत 16,89,250 नेपाली रुपये जुटाकर नेपाल प्रधानमंत्री राहत कोष में जमा कराए गए।
इस राहत अभियान में समाज के विभिन्न वर्गों, गोर्खा सेवानिवृत्त संघ, वाहिनी के अधिकारियों व कर्मियों, गोर्खा उत्कर्ष युवा संघ, कीर्तन मंडली और पूरे झारखंड गोर्खा परिवार ने बढ़-चढ़कर योगदान दिया।
संकलित राशि को विधिवत जमा कराने और हस्तांतरण की प्रक्रिया पूरी करने के लिए झारखंड से एक विशेष प्रतिनिधिमंडल नेपाल पहुंचा। प्रतिनिधिमंडल ने नेपाल के कार्यवाहक प्रधानमंत्री एवं वित्त मंत्री से मुलाकात कर राहत राशि सौंपी। नेपाल पहुंचे प्रतिनिधिमंडल में राजेन सिंह क्षेत्री, राम बहादुर गोदर, दिवस सेन ओली (अर्जुन), उज्ज्वल थापा एवं गोबिंदा पाण्डेय शामिल थे।
आयोजकों ने इस अभियान को सफल बनाने में पुलिस महानिरीक्षक, पुलिस उपमहानिरीक्षक (झारखंड जगुआर) तथा समादेष्टा (जैप-1) की भूमिका को सराहा। उन्होंने कहा कि पुलिस प्रशासन की अनुमति, मार्गदर्शन और निरंतर सहयोग के बिना इस आपदा राहत अभियान को इस मुकाम तक पहुंचाना संभव नहीं था।
अभियान से जुड़े प्रतिनिधियों ने कहा कि प्राकृतिक आपदा की इस कठिन घड़ी में प्रभावितों की मदद करना हमारा नैतिक और मानवीय दायित्व है। झारखंड गोर्खा समाज और जैप-1 का यह प्रयास भारत और नेपाल के बीच संवेदनशीलता और आपसी भाईचारे की मिसाल पेश करता है।
