रांचीः कांग्रेस नेता राहुल गांधी की विचारधारा के आधार पर झारखंड में प्रदेश युवा कांग्रेस ने संगठन को मजबूत बनाने का आह्वान किया है। गुरुवार को झारखंड प्रदेश युवा कांग्रेस द्वारा तुपुदाना (रांची) में आयोजित बुनियादी प्रशिक्षण शिविर में इस पर जोर दिया गया। मौके पर कृषि मंत्री शिल्पी नेहा तिर्की ने संगठन की मजबूती, प्रदेश कांग्रेस के साथ बेहतर समन्वय, स्पष्ट कार्ययोजना, जवाबदेही और सामाजिक प्रतिनिधित्व जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर अपने विचार साझा किए। मंत्री ने कहा कि भारतीय युवा कांग्रेस को प्रदेश कांग्रेस संगठन के साथ बेहतर तालमेल और समन्वय स्थापित किया जाना चाहिये। संगठन की वास्तविक ताकत तभी सामने आती है, जब प्रदेश से लेकर जिला, प्रखंड, पंचायत और बूथ स्तर तक प्रत्येक कार्यकर्ता अपनी जिम्मेदारी सक्रियता और प्रतिबद्धता के साथ निभाता है। अखिल भारतीय युवा कांग्रेस के प्रभारी मनीष शर्मा ने युवा कांग्रेस के कार्यकर्ताओं से राहुल गांधी के संघर्ष, संविधान के प्रति प्रतिबद्धता और सामाजिक न्याय की विचारधारा से प्रेरणा लेने को कहा। साथ ही जनहित के मुद्दों पर सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि युवाओं की ऊर्जा, संगठनात्मक अनुशासन और समाज के सभी वर्गों की भागीदारी से संगठन को जमीनी स्तर पर और अधिक प्रभावी बनाया जा सकता है। झारखंड युवा कांग्रेस के प्रभारी श्रवण राव ने कहा कि संगठन की योजनाओं और कार्यक्रमों का प्रभाव तभी दिखाई देगा, जब उनके क्रियान्वयन की नियमित समीक्षा हो और निर्धारित कार्यों को समयबद्ध तरीके से पूरा किया जाए। झारखंड युवा कांग्रेस के अध्यक्ष कुमार गौरव ने सामाजिक प्रतिनिधित्व के विषय को महत्वपूर्ण बताते हुए कहा कि युवा कांग्रेस में आदिवासी, दलित और महिला नेतृत्व की भागीदारी को और व्यापक बनाने की जरूरत है।
आज खास
ब्रेकिंग
