रांची: राजधानी के ऐतिहासिक मोरहाबादी मैदान में गुरुवार को बहुप्रतीक्षित 7 दिवसीय 'एक्सपो उत्सव 2026' का भव्य आगाज हुआ। जूनियर चेंबर इंटरनेशनल (जेसीआई) द्वारा आयोजित इस एक्सपो का आधिकारिक उद्घाटन झारखण्ड के राज्यपाल संतोष गंगवार ने किया। यह लोकप्रिय व्यापार मेला 7 अक्टूबर तक चलेगा।
उद्घाटन समारोह को संबोधित करते हुए राज्यपाल संतोष गंगवार ने कहा कि 'विकसित भारत@2047' के राष्ट्रीय संकल्प को पूरा करने में युवा शक्ति, उद्यमिता, नवाचार और आत्मनिर्भरता की केंद्रीय भूमिका है। उन्होंने झारखण्ड के स्थानीय उत्पादों की क्षमता पर जोर देते हुए कहा कि गुणवत्ता,आधुनिक तकनीक, बेहतर डिजाइन और प्रभावी ब्रांडिंग के दम पर इन्हें वैश्विक मंच पर पहचान दिलाई जा सकती है। राज्यपाल ने विशेष रूप से राज्य के तसर सिल्क का उल्लेख किया और अन्य स्थानीय हस्तशिल्प व उत्पादों को भी बढ़ावा देने का आह्वान किया।
राज्यपाल ने युवाओं को नए विचारों के साथ आगे आने, तकनीक अपनाने और व्यावहारिक समाधान खोजने के लिए प्रेरित करते हुए कहा कि उद्यमिता केवल व्यापार नहीं, बल्कि आत्मनिर्भरता और आर्थिक विकास का आधार है। झारखण्ड के युवाओं में प्रतिभा की कोई कमी नहीं है। आज डिजिटल तकनीक, ई-कॉमर्स और सोशल मीडिया के दौर में छोटे उद्यम भी विशाल बाजार तक पहुँच सकते हैं। उन्होंने उद्यमियों से अपनी कार्यशैली में ईमानदारी, गुणवत्ता और सामाजिक जिम्मेदारी बनाए रखने की भी अपील की।
कार्यक्रम के दौरान जेसीआई अध्यक्ष अभिषेक जैन ने बताया कि रांची के त्योहार' के रूप में प्रसिद्ध इस ट्रेड फेयर की यह 29वीं वर्षगांठ है। इस वर्ष एक्सपो में देश के विभिन्न प्रमुख शहरों से 400 से अधिक पूरी तरह वातानुकूलित स्टॉल्स लगाए गए हैं। मेले में राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय ब्रांड्स, उभरते हुए स्टार्टअप्स, ऑटोमोबाइल, हैंडीक्राफ्ट और ड्राई फ्रूट्स सहित कई तरह की विविधता देखने को मिल रही है।
उद्घाटन समारोह में जेसीआई के सचिव जेसी साकेत अग्रवाल, जेसीरेट सुजाता पोद्दार, जेसीरेट प्रियंका टिबड़ेवाल, जेसीरेट गुरप्रीत कौर समेत संस्था के कई अन्य पदाधिकारी और गणमान्य लोग उपस्थित थे।
