​रांची। पेयजल एवं स्वच्छता विभाग, झारखंड के तत्वावधान में नामकुम प्रखंड में 'स्वच्छता ही सेवा-2026' अभियान के तहत विशेष स्वच्छता श्रमदान एवं जन-जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि पेयजल एवं स्वच्छता मंत्री योगेंद्र प्रसाद ने स्वयं झाड़ू उठाकर श्रमदान किया और आम जनमानस को स्वच्छता को अपनी दैनिक दिनचर्या में शामिल करने का संदेश दिया।

मंत्री ने सिंगल यूज प्लास्टिक का बहिष्कार करने की अपील करते हुए "कपड़े का थैला अपनाएं, प्लास्टिक का उपयोग घटाएं" का नारा दिया। इस दौरान स्थानीय लोगों के बीच कपड़े के थैलों का वितरण भी किया गया।

पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा देने के लिए मंत्री एवं वरिष्ठ अधिकारियों ने "एक पेड़ मां के नाम" अभियान के तहत पौधारोपण किया। साथ ही स्वच्छता की शपथ दिलाई गई और गुब्बारे उड़ाकर जागरूकता का संदेश दिया गया।

विभाग के सचिव अबु इमरान ने ग्रामीण क्षेत्रों में ठोस एवं तरल कचरा प्रबंधन को प्रभावी बनाने तथा समुदाय की सक्रिय भागीदारी पर बल दिया। वहीं स्वच्छ भारत मिशन (ग्रामीण) की मिशन निदेशक रंजीता हेम्ब्रम ने स्वच्छता को निरंतर व्यवहार परिवर्तन का माध्यम बनाने की बात कही।

​कार्यक्रम में संयुक्त सचिव शशिंद्र बड़ाइक, नामकुम बीडीओ और यूनिसेफ के एक्सपर्ट कुमार प्रेमचंद सहित विभागीय पदाधिकारी और स्थानीय नागरिक बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।