रांची।भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की रांची में आयोजित दो दिवसीय कार्यसमिति बैठक के पहले दिन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व की सराहना करते हुए एक महत्वपूर्ण राजनीतिक प्रस्ताव पारित किया गया। बैठक के बाद मीडिया को संबोधित करते हुए प्रदेश महामंत्री अमर कुमार बाउरी ने यह जानकारी दी।

​बैठक के प्रथम दिवस के दूसरे सत्र में यह राजनीतिक प्रस्ताव पूर्व मुख्यमंत्री अर्जुन मुंडा द्वारा पेश किया गया, जिसका समर्थन सांसद अन्नपूर्णा देवी और विद्युत वरण महतो ने किया। इस प्रस्ताव को कार्यसमिति में ध्वनिमत से पारित किया गया।

​अमर कुमार बाउरी ने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सेवा काल के 25 वर्ष पूर्ण हो चुके हैं। उनके नेतृत्व में देश निराशा के दौर से बाहर निकलकर निरंतर सफलता के नए आयाम छू रहा है और विश्व पटल पर भारत का मान बढ़ा है।

भाजपा नेताओं ने कहा कि प्रधानमंत्री के कार्यकाल में झारखंड को साहेबगंज में बंदरगाह, देवघर में एयरपोर्ट और एम्स, तथा सिंदरी खाद कारखाना जैसी कई बड़ी सौगातें मिली हैं। इसके साथ ही भगवान बिरसा मुंडा की जयंती को ‘जनजाति गौरव दिवस’ के रूप में आयोजित कर उन्हें वैश्विक पहचान दिलाई गई है।

पार्टी ने दावा किया कि केंद्र की योजनाओं (जैसे आयुष्मान भारत और उज्ज्वला योजना) का लाभ झारखंड की जनता को मिल रहा है और राज्य से नक्सलवाद का दायरा काफी हद तक समाप्त हुआ है।

राजनीतिक प्रस्ताव के माध्यम से झारखंड की हेमंत सोरेन सरकार पर राज्य को विकास की पटरी से उतारने का गंभीर आरोप लगाया गया।

​भाजपा ने कांग्रेस और अन्य विपक्षी दलों की राजनीति की आलोचना करते हुए संवैधानिक संस्थाओं के प्रति विश्वास बनाए रखने की बात कही। साथ ही, विपक्ष पर 'रेजीम चेंज' के माध्यम से देश को अस्थिर करने की योजना बनाने का आरोप लगाते हुए इसकी कड़ी निंदा की गई।

​बैठक के अंत में विश्वास जताया गया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के यशस्वी नेतृत्व में देश 'विकसित भारत' के संकल्प को अवश्य पूरा करेगा।