रांची। रांची में आयोजित भाजपा की दो दिवसीय कार्यसमिति बैठक के पहले दिन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की सराहना करते एक राजनीतिक प्रस्ताव पारित किया गया। बैठक की समाप्ति के बाद मीडिया को संबोधित करते हुए प्रदेश महामंत्री अमर कुमार बाउरी ने कहा कि प्रथम दिवस के दूसरे सत्र में राजनीतिक प्रस्ताव पूर्व मुख्यमंत्री अर्जुन मुंडा ने पेश किया जिसका समर्थन सांसद अन्नपूर्णा देवी और विद्युत वरण महतो ने किया। राजनीतिक प्रस्ताव में अर्जुन मुंडा ने झारखंड की हेमंत सोरेन सरकार पर राज्य को विकास की पटरी से उतारने का आरोप लगाया। प्रस्ताव में कांग्रेस एवं अन्य विपक्षी दलों की एसआईआर संबंधी राजनीति की आलोचना करते हुए संवैधानिक संस्थाओं के प्रति विश्वास बनाए रखने की बात कही गई। अमर बाउरी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सेवा काल के 25 वर्ष पूर्ण हो चुके हैं। प्रधानमंत्री को कार्यकाल में भारत निराशा से निकला है और देश निरंतर सफलता के नए आयामों को छू रहा है। श्री बाउरी ने कहा कि आज की कार्यसमिति ने मोदीजी के स्वर्णिम कालखंड को सम्मान दिया है। झारखंड को भी कई लाभ मिले हैं। राज्य में साहेबगंज में बंदरगाह, देवघर में एयरपोर्ट, एम्स, सिंदरी खाद कारखाना समेत दूसरे लाभ दिये गये हैं। उन्होंने कहा कि भगवान बिरसा मुंडा को जनजाति गौरव दिवस का आयोजन कर विश्व में स्थापित करने का काम किया। आज झारखंड से नक्सलवाद समाप्त हो गया है। उन्होंने विपक्षी दलों को निशाने पर लेते कहा कि आज वे रेजीम चेंज के माध्यम से देश को अस्थिर करने की योजना बना रहे हैं। इसकी निंदा कार्यसमिति ने की है।