रामगढ़। जिले में गृह रक्षा वाहिनी (होमगार्ड) बहाली प्रक्रिया के तहत आज सिद्धू-कान्हू मैदान, रामगढ़ में शारीरिक दक्षता एवं हिंदी लेखन क्षमता परीक्षा का शुभारंभ हुआ। परीक्षा के पहले दिन दुलमी प्रखंड के पुरुष अभ्यर्थियों को निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार परीक्षा में शामिल होने का अवसर दिया गया। परीक्षा का आयोजन निर्धारित दिशा-निर्देशों के अनुरूप शांतिपूर्ण एवं व्यवस्थित तरीके से किया गया।
पहले दिन दुलमी प्रखंड के पुरुष अभ्यर्थियों के लिए कुल 1,113 अभ्यर्थी निर्धारित थे, जिनमें से 606 अभ्यर्थियों ने परीक्षा में भाग लिया, जबकि 507 अभ्यर्थी अनुपस्थित रहे।
बहाली प्रक्रिया के निष्पक्ष, पारदर्शी एवं कदाचारमुक्त संचालन को लेकर जिला प्रशासन द्वारा आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की गई थीं। परीक्षा स्थल पर अभ्यर्थियों के प्रवेश, शारीरिक दक्षता परीक्षा के संचालन तथा अन्य व्यवस्थाओं को सुचारू बनाए रखने के लिए संबंधित पदाधिकारियों एवं कर्मियों को आवश्यक जिम्मेदारियां सौंपी गई थीं।
परीक्षा के सफल संचालन को लेकर जिला प्रशासन एवं पुलिस प्रशासन द्वारा सुरक्षा, विधि-व्यवस्था, अभ्यर्थियों के आवागमन तथा परीक्षा स्थल पर अनुशासन बनाए रखने के लिए आवश्यक इंतजाम किए गए थे। परीक्षा स्थल पर प्रवेश व्यवस्था को निर्धारित दिशा-निर्देशों के अनुरूप संचालित किया गया। निर्धारित परीक्षा स्थल में केवल अभ्यर्थियों को प्रवेश की अनुमति दी गई तथा परीक्षा केंद्र के अंदर किसी भी प्रकार के इलेक्ट्रॉनिक उपकरण ले जाने पर प्रतिबंध लागू रहा।
जिला प्रशासन द्वारा परीक्षा प्रक्रिया की पारदर्शिता एवं सुचारू संचालन सुनिश्चित करने के लिए सभी संबंधित अधिकारियों एवं कर्मियों को अपने दायित्वों का जिम्मेदारीपूर्वक निर्वहन करने का निर्देश दिया गया है।
गृह रक्षा वाहिनी बहाली के अंतर्गत शारीरिक दक्षता एवं हिंदी लेखन क्षमता परीक्षा का आयोजन 24 अक्टूबर 2026 से 5 नवंबर 2026 तक सिद्धू-कान्हू मैदान, रामगढ़ में किया जाएगा। परीक्षा प्रातः 5:00 बजे से शुरू होगी।
निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार, 25 अक्टूबर 2026 को दुलमी प्रखंड की महिला अभ्यर्थियों की परीक्षा आयोजित की जाएगी। इसके बाद मांडू, पतरातू, रामगढ़, गोला एवं चितरपुर प्रखंडों के साथ-साथ शहरी गैर-तकनीकी एवं शहरी तकनीकी क्षेत्र के अभ्यर्थियों की परीक्षा निर्धारित तिथियों पर संपन्न कराई जाएगी।
जिला प्रशासन ने सभी अभ्यर्थियों से अपील की है कि वे अपनी निर्धारित परीक्षा तिथि की जानकारी प्राप्त कर समय पर परीक्षा स्थल पर पहुंचें तथा बहाली प्रक्रिया से संबंधित सभी दिशा-निर्देशों का पालन करें। परीक्षा के सफल, शांतिपूर्ण, निष्पक्ष एवं कदाचारमुक्त संचालन के लिए जिला प्रशासन प्रतिबद्ध है।
