देवघर। जिले के मारगोमुंडा थाना क्षेत्र अंतर्गत लहरजोरी मोड़ के पास नकली पिस्टल का भय दिखाकर एक पिकअप वैन के ड्राइवर से लूटपाट का प्रयास करने वाले तीन शातिर बदमाशों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने इनके पास से एक नकली पिस्टल, वारदात में प्रयुक्त मोटरसाइकिल और दो मोबाइल फोन बरामद किए हैं।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान अर्जुन यादव और संजय यादव (दोनों निवासी बांधडीह, सारठ) तथा डब्लू यादव (निवासी दोरही, मारगोमुंडा) के रूप में हुई है।
मधुपुर एसडीपीओ सत्येंद्र प्रसाद ने मामले की जानकारी देते हुए बताया कि 18 अक्टूबर की रात मधुपुर के मीना बाजार बैंक कॉलोनी निवासी त्रिपुरारी रजवार अपने खलासी कुंदन विश्वकर्मा के साथ बोलेरो पिकअप वैन से मछली लाने मधुपुर से आसनसोल जा रहे थे। इसी दौरान एक काले रंग की बाइक पर सवार तीन बदमाशों ने उनकी गाड़ी का पीछा किया और मारगोमुंडा के लहरजोरी मोड़ के पास नकली पिस्टल दिखाकर पिकअप वैन को रुकवा लिया। इसके बाद बदमाशों ने ड्राइवर से कैश, मोबाइल और गाड़ी लूटने का प्रयास किया।
लूटपाट के दौरान ड्राइवर के शोर मचाने पर पास ही रहने वाले वसीम अंसारी मौके पर पहुंच गए और बदमाशों से भिड़ गए। वसीम अंसारी और अपराधियों के बीच हुई हाथापाई में एक बदमाश जख्मी भी हो गया। वसीम की आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण भी वहां इकट्ठा हो गए, जिसके बाद दो बदमाश मौके से फरार होने में कामयाब रहे, जबकि तीसरे बदमाश को पिस्टल के साथ दबोच लिया गया। बाद में जांच के दौरान हथियार नकली होने की पुष्टि हुई।
पकड़े गए बदमाश की पहचान सारठ के बांधडीह निवासी अर्जुन यादव के रूप में हुई। सूचना मिलते ही मारगोमुंडा थाने की पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और उसे गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ के दौरान उसने अपने दोनों साथियों के नाम का खुलासा किया, जिसके आधार पर पुलिस ने छापेमारी कर बाकी दोनों आरोपियों को भी धर दबोचा।
