रांची।

झारखंड लोक सेवा आयोग (जेपीएससी) और झारखंड कर्मचारी चयन आयोग (जेएसएससी) की परीक्षाओं में लगातार सामने आ रही अनियमितताओं और पेपर लीक के विरोध में गुरुवार को आजसू पार्टी ने आक्रोश मार्च निकाला।

यह आक्रोश मार्च शहर के जयपाल सिंह मुंडा स्टेडियम से शुरू होकर लोक भवन तक पहुंचा। मार्च में गोमिया के पूर्व विधायक डॉ. लम्बोदर महतो, आजसू पार्टी के केंद्रीय महासचिव संजय मेहता, आजसू छात्र संघ के प्रदेश अध्यक्ष ओम वर्मा समेत बड़ी संख्या में पार्टी पदाधिकारी और युवा शामिल हुए। आक्रोश मार्च के समापन के बाद डॉ. लम्बोदर महतो के नेतृत्व में एक प्रतिनिधिमंडल ने राज्यपाल से मुलाकात की और युवाओं की मांगों से संबंधित ज्ञापन सौंपा। राज्य में निष्पक्ष एवं पारदर्शी भर्ती प्रक्रिया सुनिश्चित करने, पेपर लीक की घटनाओं की निष्पक्ष जांच कराने तथा दोषियों पर कार्रवाई करने की मांग की गई।

मार्च के दौरान गोमिया के पूर्व विधायक डॉ. लम्बोदर महतो ने कहा कि झारखंड के युवाओं के अधिकार, सम्मान और भविष्य की इस लड़ाई में आजसू पार्टी सदैव उनके साथ खड़ी रहेगी। उन्होंने साफ कहा कि युवाओं के सपनों के साथ किसी भी सूरत में समझौता नहीं किया जाएगा।

वहीं आजसू छात्र संघ के प्रदेश अध्यक्ष ओम वर्मा ने कहा कि राज्य गठन के 25 वर्ष पूरे होने के बाद भी झारखंड के लाखों युवा रोजगार, गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और पारदर्शी भर्ती प्रक्रिया के लिए सड़कों पर संघर्ष करने को विवश हैं। प्रतियोगी परीक्षाओं में लगातार धांधली, प्रश्नपत्र लीक, बार-बार परीक्षाओं का रद्द होना, नतीजों में देरी, धीमी नियुक्ति प्रक्रिया और छात्रवृत्ति वितरण में लापरवाही ने युवाओं के विश्वास को बुरी तरह तोड़ दिया है। यह स्थिति राज्य के उज्ज्वल भविष्य के लिए बेहद चिंताजनक है।

उन्होंने स्पष्ट किया कि आजसू छात्र संघ और युवा आजसू का यह आंदोलन तब तक जारी रहेगा, जब तक युवाओं को पारदर्शी भर्ती प्रक्रिया, समयबद्ध नियुक्ति और उनका हक नहीं मिल जाता।