जमशेदपुर। शहर में गुम हुए मोबाइल फोन की वापसी की उम्मीद छोड़ चुके 100 लोगों के चेहरे पर शनिवार को उस समय खुशी लौट आई, जब पूर्वी सिंहभूम पुलिस ने उनके खोए मोबाइल फोन बरामद कर वापस सौंप दिए। पुलिस के ऑपरेशन मुस्कान के 11वें चरण के तहत बरामद किए गए 100 मोबाइल फोन उनके वास्तविक मालिकों को सौंपे गए। मोबाइल वापस मिलने पर लोगों ने पुलिस के प्रति आभार जताया और इस पहल की सराहना की।
इसको लेकर एसएसपी कार्यालय परिसर में विशेष कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसमें वरीय पुलिस अधीक्षक डॉ. एहतेशाम वकारिब, सिटी एसपी, ग्रामीण एसपी, जिले के सभी डीएसपी और विभिन्न थानों के प्रभारी मौजूद रहे। पुलिस अधिकारियों ने सत्यापन के बाद एक-एक कर मोबाइल फोन उनके वास्तविक धारकों को सौंपे। लंबे समय से मोबाइल खोने के कारण परेशान लोगों के लिए यह पल काफी भावुक और खुशी भरा रहा।
कार्यक्रम के दौरान एसएसपी डॉ. एहतेशाम वकारिब ने बताया कि ऑपरेशन मुस्कान के माध्यम से पूर्वी सिंहभूम पुलिस अब तक कुल 3373 गुमशुदा मोबाइल फोन बरामद कर उनके वास्तविक मालिकों तक पहुंचा चुकी है। अभियान के 11वें चरण में 100 मोबाइल फोन की बरामदगी और वापसी पुलिस की एक बड़ी उपलब्धि है। उन्होंने कहा कि मोबाइल फोन की बरामदगी के लिए पुलिस लगातार तकनीकी अनुसंधान और विशेष अभियान चला रही है।
एसएसपी ने बताया कि मोबाइल फोन गुम होने की शिकायत मिलने के बाद पुलिस तकनीकी सेल की सहायता से उसकी तलाश शुरू करती है। मोबाइल की तकनीकी जानकारी, लोकेशन और अन्य उपलब्ध डिजिटल साक्ष्यों के आधार पर संबंधित फोन का पता लगाया जाता है। इसके बाद पुलिस टीम आवश्यक जांच और सत्यापन की प्रक्रिया पूरी कर मोबाइल को बरामद करती है। फोन के वास्तविक मालिक की पहचान सुनिश्चित करने के बाद उसे सौंप दिया जाता है।
मोबाइल फोन की बरामदगी में तकनीकी सेल और पुलिस की विशेष टीम की भूमिका महत्वपूर्ण है। आधुनिक तकनीक की मदद से पुलिस उन मोबाइल फोन तक पहुंचने में सफल हो रही है, जिन्हें लोग गुम होने के बाद वापस मिलने की उम्मीद छोड़ देते हैं। अभियान के तहत लगातार मोबाइल फोन की बरामदगी से लोगों को राहत मिल रही है।
एसएसपी डॉ. एहतेशाम वकारिब ने कहा कि ऑपरेशन मुस्कान का उद्देश्य केवल गुम मोबाइल फोन बरामद करना नहीं, बल्कि आम नागरिकों के बीच पुलिस के प्रति विश्वास को मजबूत करना भी है। मोबाइल फोन आज लोगों की दैनिक जरूरत का महत्वपूर्ण हिस्सा बन चुका है। इसमें व्यक्तिगत जानकारी, संपर्क, जरूरी दस्तावेज और अन्य महत्वपूर्ण डेटा मौजूद रहते हैं। ऐसे में मोबाइल गुम होने से लोगों को आर्थिक नुकसान के साथ-साथ कई तरह की परेशानियों का सामना करना पड़ता है।
उन्होंने कहा कि पुलिस का प्रयास है कि गुम हुए मोबाइल फोन को जल्द से जल्द बरामद कर उनके वास्तविक मालिकों तक पहुंचाया जाए। ऑपरेशन मुस्कान आगे भी जारी रहेगा। पुलिस की विशेष टीम तकनीकी सहायता से गुम मोबाइल फोन की तलाश में जुटी रहेगी।
