रांची। सेंट्रल कोलफील्ड्स लिमिटेड (सीसीएल) मुख्यालय स्थित गंगोत्री कन्वेंशन सेंटर में शुक्रवार को राष्ट्रपिता महात्मा गांधी और पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री की जयंती श्रद्धा एवं सम्मान के साथ मनाई गई। इस अवसर पर निदेशक (मानव संसाधन) हर्ष नाथ मिश्र, निदेशक (योजना एवं परियोजना) अनुप हंजूरा और मुख्य सतर्कता अधिकारी (सीवीओ) पंकज कुमार समेत अधिकारियों और कर्मचारियों ने दोनों महान विभूतियों की प्रतिमाओं पर माल्यार्पण कर उन्हें श्रद्धांजलि दी।
कार्यक्रम के दौरान अधिकारियों ने महात्मा गांधी के सत्य, अहिंसा व स्वच्छता के सिद्धांतों और लाल बहादुर शास्त्री की सादगी, ईमानदारी व कर्तव्यनिष्ठा को याद किया। उन्होंने कहा कि कार्यस्थल पर पारदर्शिता, अनुशासन और नैतिक मूल्यों को अपनाकर ही एक सुदृढ़ संगठन और राष्ट्र का निर्माण किया जा सकता है। अंत में सभी उपस्थित अधिकारियों व कर्मचारियों ने दोनों महापुरुषों के आदर्शों को अपनी कार्यशैली में उतारने और राष्ट्र निर्माण में सक्रिय योगदान देने का संकल्प लिया।
