​रांची।झारखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी ने शुक्रवार को लोकतंत्र,संविधान और मताधिकार की रक्षा का संकल्प लेते हुए 'लोकतंत्र बचाओ सप्ताह' की शुरुआत की। इस अभियान का आगाज 'वोट बचाओ–देश बचाओ' के तहत मांडर विधानसभा क्षेत्र के बेड़ो स्थित खक्शी टोली से हुआ, जहां प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष केशव महतो कमलेश ने ताम्रपात्र से विभूषित टाना भगतों और स्वतंत्रता सेनानियों की प्रतिमाओं का अनावरण कर उन्हें श्रद्धांजलि दी।

​कार्यक्रम में कार्यकर्ताओं और स्थानीय ग्रामीणों को संबोधित करते हुए प्रदेश अध्यक्ष ने संविधान के अनुच्छेद 326 का पाठ किया और वयस्क मताधिकार के महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि वोट सिर्फ सरकार चुनने का जरिया नहीं, बल्कि नागरिक अधिकार और लोकतंत्र में जनता की सीधी भागीदारी का प्रतीक है। देश के हर पात्र नागरिक को बिना किसी भेदभाव के मताधिकार का समान अवसर मिलना चाहिए। उन्होंने आगे कहा कि स्वतंत्रता सेनानियों के सपनों का भारत तभी कायम रहेगा, जब संवैधानिक संस्थाएं निष्पक्षता और पारदर्शिता से काम करेंगी।

​राष्ट्रपिता महात्मा गांधी और टाना भगत समुदाय के ऐतिहासिक संबंधों का जिक्र करते हुए केशव महतो कमलेश ने कहा कि टाना भगतों ने सत्य, अहिंसा और स्वदेशी के सिद्धांतों को अपनाकर आजादी की लड़ाई में अभूतपूर्व योगदान दिया। उनकी शहादत और आदर्शों को सच्ची श्रद्धांजलि यही होगी कि हम संविधान के मूल्यों की रक्षा करें।

​कांग्रेस के 'लोकतंत्र बचाओ सप्ताह' का मुख्य उद्देश्य 'वोट बचाओ–देश बचाओ' के संदेश को गांव-गांव तक पहुंचाना, लोगों को उनके संवैधानिक अधिकारों के प्रति जागरूक करना और लोकतांत्रिक व्यवस्था को मजबूत करने के लिए जनभागीदारी सुनिश्चित करना है।