सिजुआ। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जनसेवा व सार्वजनिक जीवन के 25 वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में चलाए जा रहे 'सेवा संकल्प सेतु' कार्यक्रम के तहत शुक्रवार को सिजुआ बाबू टोला स्थित आंगनबाड़ी केंद्र में सम्मान समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम में धनबाद सांसद ढुल्लू महतो ने मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत कर आंगनबाड़ी सेविकाओं और सहायिकाओं को सम्मानित किया। इस दौरान अतिथियों ने बच्चों के साथ वक्त बिताया और उनके पोषण, स्वास्थ्य व प्रारंभिक शिक्षा से जुड़ी गतिविधियों का जायजा लिया।
समारोह को संबोधित करते हुए सांसद ढुल्लू महतो ने कहा कि आंगनबाड़ी सेविकाएं बच्चों को न सिर्फ प्रारंभिक शिक्षा देती हैं, बल्कि उन्हें अनुशासन भी सिखाती हैं। बच्चों के सर्वांगीण विकास में उनकी भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है, इसलिए जमीनी स्तर पर काम करने वाली इन कर्मियों को सम्मानित करना गर्व की बात है।
कार्यक्रम में उप प्रमुख मोहन चक्रवर्ती और सांसद प्रतिनिधि एंजेला सिंह ने भी विचार व्यक्त किए। उन्होंने कहा कि सरकारी योजनाओं को समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने और माताओं व बच्चों की सेहत सुधारने में आंगनबाड़ी कर्मियों का योगदान सराहनीय है। इस दौरान बच्चों के बीच विभिन्न गतिविधियां आयोजित की गईं और उनके समुचित पोषण व गुणवत्तापूर्ण शिक्षा पर जोर दिया गया।
डॉ. केके सिंह के संचालन व मणिलाल सिंह के धन्यवाद ज्ञापन में संपन्न इस कार्यक्रम में मुखिया दुर्गा प्रसाद शरण, मनोज सिंह, वीरभद्र प्रसाद सिंह, भानु प्रताप सिंह, विकास महथा, अरविंद दुबे, सुनील महतो, उदय कुमार सिंह, चंद्रशेखर सिंह सहित बड़ी संख्या में गणमान्य लोग, सेविका-सहायिकाएं और बच्चे मौजूद थे।
