जमशेदपुर। बागबेड़ा थाना क्षेत्र के वायरलेस मैदान से पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर देर रात छापेमारी कर अनूप चक्रवर्ती उर्फ अनूप बंगाली (42) को गिरफ्तार किया है। आरोपी के पास से एक देशी लोडेड कट्टा और एक जिंदा कारतूस बरामद हुआ है।
एसएसपी को मिली गुप्त सूचना पर डीएसपी विधि-व्यवस्था के नेतृत्व में गठित विशेष टीम ने मैदान की घेराबंदी कर आरोपी को दबोचा। मामले में बागबेड़ा थाने में आर्म्स एक्ट के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है।
सिटी एसपी ललित मीणा ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी के खिलाफ पूर्वी सिंहभूम और पश्चिम बंगाल के पुरुलिया जिले के विभिन्न थानों में 17 से अधिक आपराधिक मामले दर्ज हैं। पुलिस उसके अन्य आपराधिक इतिहास की जानकारी जुटा रही है।
